मध्यांचलविद्युत वितरण निगम के 19 जिलों में 55 साल की उम्र पूरी होने या कर्मचारियों की अधिकता (25 फीसदी छंटनी) के कारण नौकरी से हटाए गए संविदा बिजली कर्मियों के लिए बड़ी खुशखबरी है। ये कर्मी अब 60 वर्ष की आयु तक उपकेंद्रों पर काम कर सकेंगे। निगम के निदेशक (कार्मिक प्रबंधन व प्रशासन) राजेंद्र प्रताप सिंह ने 4 नवंबर को सभी जोनल मुख्य अभियंताओं को हटाए गए संविदा कर्मियों को सूचीबद्ध कर 15 नवंबर तक रिपोर्ट मुख्यालय भेजने के आदेश दिए हैं।
इसके लिए गठित तीन सदस्यीय कमेटी पात्र कर्मचारियों के आवेदन लेकर सूची तैयार करेगी। हालांकि, भ्रष्टाचार या अन्य गंभीर अनुशासनहीनता के मामलों में निष्कासित किए गए संविदा कर्मियों को इस प्रक्रिया में कोई राहत नहीं मिलेगी। इस फैसले से छंटनी का शिकार हुए सैकड़ों बिजली कर्मियों को दोबारा रोजगार मिलने का रास्ता साफ हो गया है।
