नए मतदाता बनने के लिए ऑनलाइन फार्म-6 भरते समय मोबाइल नंबर गलत दर्ज करना कॉमन सर्विस सेंटर (सीएससी) संचालकों को भारी पड़ सकता है। लापरवाही से गलत नंबर दर्ज करने और डुप्लीकेट आवेदन कराने पर संबंधित संचालक के खिलाफ कार्रवाई होगी। उसकी आईडी भी ब्लॉक की जा सकती है।
जिला निर्वाचन अधिकारी के अनुसार, कई सीएससी संचालकों द्वारा फार्म भरते समय गलत मोबाइल नंबर दर्ज किए जा रहे हैं। इससे आवेदकों को फार्म जमा होने का कन्फर्मेशन मैसेज नहीं मिलता। असमंजस में मतदाता दोबारा आवेदन कर देते हैं। इससे ईआरओ नेट पोर्टल पर एक ही व्यक्ति के कई आवेदन पहुंच रहे हैं और मतदाता सूची के पुनरीक्षण कार्य में बाधा आ रही है।
प्रशासन ने निर्देश दिया है कि फार्म जमा करने से पहले मोबाइल नंबर की जांच जरूर करें। आवेदन की रसीद और रेफरेंस आईडी मतदाता को उपलब्ध कराएं। एक बार फार्म भरने के बाद निर्णय आने तक दोबारा आवेदन न करें। आम नागरिकों से भी स्क्रीन पर अपना नाम, पता और मोबाइल नंबर जांचने की अपील की गई है।
