11 लीटर दूध, आम और गन्ने के रस से सावन के सोमवार पर सीएम योगी ने किया रुद्राभिषेक

# ## Gorakhpur Zone

(www.arya-tv.com) गोरखपुर में सावन मास के 6वें सोमवार को सभी शिवालयों में बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं की भीड़ उमड़ी। भोर से ही श्रद्धालु शिवालयों में पहुंचे और भगवान शिव का जलाभिषेक और पूजन-अर्चन कर उन्हें प्रसन्न किया। पूरे दिन शिव मंदिर हर-हर महादेव, बम-बम भोले के जयघोष गूंजते रहे।

वहीं, सीएम योगी आदित्यनाथ ने जनकल्याण के लिए गोरखनाथ में भगवान शिव का रुद्राभिषेक किया। इसके बाद हवन किया। एक घंटे तक चले अनुष्ठान में सीएम ने 11 लीटर दूध, आम के रस, जल, दही, घी, शक्कर, शहद, गंगा जल और गन्ने के रस से भगवान शिव का अभिषेक किया।

शिव की शरण में योगी
उन्हें बिल्वपत्र, सफेद कमल, लाल कमल, कनेर, शमी पत्र, दूब, कुशा, राई, गुड़हल, धतूरा, भांग और श्रीफल भी चढ़ाया। रुद्राभिषेक अनुष्ठान की शुरुआत भगवान गणेश की पूजा-अर्चना के साथ हुई। उसके बाद मुख्यमंत्री ने भगवान शिव और द्वादश ज्योतिर्लिंग का पूरे विधिविधान के साथ षोडशोपचार पूजन किया।

सु​बह से ही लगी रही भक्तों की कतार
जबकि, सोमवार को ब्रह्म मुहूर्त में शिवालयों के बाहर भक्तों की कतार लगने लगी थी। सुबह चार बजे पुजारियों ने भगवान शिव का विधि-विधान से पूजा-अर्चना करने के बाद शिवालयों के कपाट लिए खोल दिए। इसके बाद पूरे दिन श्रद्धालुओं ने भोलेनाथ का जलाभिषेक किया।

महादेव झारखंडी मंदिर और मुक्तेश्वरनाथ मंदिर सहित लगभग सभी शिव मंदिरों पर श्रद्धालुओं की भीड़ थी। श्रद्धालुओं ने भोलेनाथ को भांग धतूरा, बेलपत्र, श्वेत मदार पुष्प,गन्ना आदि अर्पित करने के बाद दूध या जल से अभिषेक किया।

महादेव झारखंडी और मुक्तेश्वरनाथ मंदिर में अधिक भीड़
कूड़घाट स्थित महादेव झारखंडी मंदिर समिति के कोषाध्यक्ष शिवपूजन तिवारी ने बताया कि करीब 25 से 30 हजार श्रद्धालुओं ने बाबा का जलाभिषेक किया। यही हाल राजघाट स्थित मुक्तेश्वरनाथ शिव मंदिर का रहा। मंदिर के पुजारी रमानंद के अनुसार यहां करीब 15 से 20 हजार श्रद्धालुओं ने बाबा का जलाभिषेक किया।

इसके अलावा अंधियारी बाग स्थित मानसरोवर शिव मंदिर, जाफरा बाजार स्थित शिवाला, मेडिकल कॉलेज रोड स्थित शिव मंदिर, मोहद्दीपुर गोपाल मंदिर सहित अन्य मंदिरों में भी भीड़ रही।