एसपी कार्यालय में महिला ने किया आत्मदाह का प्रयास, जानें क्या रही वजह

Agra Zone

(www.arya-tv.com) बेवर के गांव परौंखा की रहने वाली एक महिला सोमवार को एसपी कार्यालय पहुंची। जब तक कोई कुछ समझ पाता उसने खुद पर मिट्टी का तेल उड़ेल लिया। यह देख वहां तैनात पुलिसकर्मियों ने उसे रोका। सूचना पर पहुंची बेवर पुलिस महिला को साथ ले गई। पुलिस के अनुसार महिला का पुत्र एक किशोरी का अगवा कर ले गया है।

सोमवार को फरियादी एसपी कार्यालय में फरियाद लेकर आ रहे थे। इस बीच एक महिला कार्यालय के बाहर पहुंची, जब तक कोई कुछ समझ पाता, उसने खुद पर मिट्टी का तेल उड़ेल लिया। यह देखते ही वहां तैनात पुलिसकर्मियों में हडकंप मच गया, आनन फानन पुलिसकर्मियों ने महिला को जैसे तैसे रोका। जानकारी मिलते ही महिला पुलिस बल आ गया और महिला से जानकारी ली।

पूछताछ में महिला ने अपना नाम सुधा देवी निवासी गांव परौंखा बेवर बताया। बताया कि 21 फरवरी को उसका पुत्र अभिषेक घर से बाजार जाने की बात कह कर गया था। इसके कुछ दिन बाद पास के ही एक गांव से एक किशोरी गायब हो गई। जिसके बाद पुलिस आए दिन उसे व पुत्री को थाने बुलाकर धमकाते व परेशान कर रहे हैं।

सूचना मिलने के बाद थानाध्यक्ष बेवर सुरेश चंद्र शर्मा भी आ गए। उन्होंने बताया कि महिला का पुत्र एक किशोरी को अगवा कर ले गया है। आरोपी, उसकी मां, बहन सहित पांच लोगों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कराया गया है। पुलिस आरोपी की तलाश में लगातार दबिश दे रही है। जिस वजह से महिला ने सोच समझ कर इस तरह का कृत्य किया गया है। महिला से पूछताछ कर आगे की कार्रवाई की जाएगी।