सड़क हादसों में घायलों की जान बचाने के लिए आम लोगों को प्रोत्साहित करने वाली राहवीर योजना यूपी में सरकारी उदासीनता की शिकार हो गई। विडंबना देखिए, योजना की निगरानी में अपर मुख्य सचिव(एसीएस गृह), प्रमुख सचिव परिवहन, महानिदेशक चिकित्सा एवं स्वास्थ्य सेवाएं, एडीजी यातायात और परिवहन आयुक्त जैसे वरिष्ठ अधिकारी शामिल हैं। लेकिन जमीनी प्रगति बेहद कमजोर है। सरकार ने मददगारों की पुरस्कार राशि पांच हजार से बढ़ाकर 25 हजार रुपये कर दी, मगर प्रदेश के 75 जिलों में से अब तक केवल 16 ने 27 प्रस्ताव भेजे हैं। इनमें भी 10 अधूरे हैं। ऐसे में सवाल है कि जब सड़क हादसे रोज हो रहे हैं और घायलों को आम लोग भी अस्पताल पहुंचा रहे हैं तो उन्हें सम्मानित करने वाली व्यवस्था इतनी निष्क्रिय क्यों है।
नाम बदला, इनाम बढ़ा, लेकिन व्यवस्था नहीं सुधरी
क्या है योजना
केंद्र सरकार ने तीन अक्टूबर 2021 को गुड सेमेरिटन योजना शुरू की थी, जो 15 अक्टूबर से प्रभावी हुई। इसके तहत दुर्घटना में गंभीर रूप से घायल व्यक्ति को गोल्डन ऑवर में अस्पताल पहुंचाने वाले मददगार को पांच हजार रुपये देने का प्रावधान था। 21 अप्रैल 2025 को इसका नाम बदलकर राहवीर योजना कर दिया गया और पुरस्कार राशि बढ़ाकर 25 हजार रुपये कर दी गई। इसके बावजूद प्रदेश में योजना का अपेक्षित विस्तार नहीं हुआ।
27 प्रस्तावों में भी 10 अधूरे
16 जिलों से प्राप्त 27 प्रस्तावों पर 6.75 लाख रुपये की पुरस्कार राशि प्रस्तावित है। लेकिन 10 प्रस्तावों में बैंक खाता संख्या, मोबाइल नंबर और अन्य जरूरी जानकारियां अधूरी हैं। संबंधित जिलों को इन्हें पूरा करने के लिए पत्र भेजे गए हैं। बस्ती के प्रमोद ओझा के नाम से पांच प्रस्ताव मिले हैं। इनमें एक प्रस्ताव 27 की सूची में शामिल है। अन्य चार प्रस्तावों पर इसलिए निर्णय नहीं हो पा रहा है, क्योंकि एक व्यक्ति को साल में एक से अधिक बार पुरस्कार देने के संबंध में नई गाइडलाइन स्पष्ट नहीं है।
बड़े अफसर, छोटी प्रगति
योजना की मॉनिटरिंग कमेटी में शासन और विभाग के शीर्ष अधिकारी शामिल हैं। गृह, परिवहन, स्वास्थ्य और पुलिस विभाग के बीच समन्वय से इस योजना को हर जिले तक पहुंचाया जा सकता है। इसके बावजूद केवल 16 जिलों से प्रस्ताव आना निगरानी व्यवस्था की प्रभावशीलता पर सवाल खड़ा करता है। योजना के लिए प्रचार अभियान, जिला स्तरीय कमेटियों की नियमित बैठक और पुलिस-स्वास्थ्य विभाग के सहयोग से मददगारों की पहचान की व्यवस्था अपेक्षित है।
