मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ शुक्रवार को गोंडा पहुंचे। यहां उन्होंने स्वामी विवेकानंद युवा सशक्तीकरण योजना के तहत विद्यार्थियों और प्रशिक्षणार्थियों को टैबलेट वितरित किए। इस दौरान सीएम योगी ने समाजवादी पार्टी के घोषणापत्र पर निशाना साधते हुए पूर्ववर्ती सरकार के कार्यकाल पर सवाल उठाए। मुख्यमंत्री योगी ने कहा कि मुंगेरी लाल के सपने दिखाने से विकास नहीं होता। सपा ने कल अपना घोषणापत्र जारी किया है। उन्हें बताना चाहिए कि जब वह सत्ता में थे, तब उसने क्या काम किया। विकास के लिए इच्छाशक्ति होनी चाहिए।
बिना सिफारिश और खर्च के मिल रही युवाओं को नौकरी
मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रदेश में युवाओं को बिना सिफारिश और बिना खर्च के नौकरी मिल रही है। सरकार युवाओं की मेहनत का सम्मान करती है। पिछली सरकारों के मुकाबले उनकी सरकार ने दोगुनी नौकरियां दी हैं। उन्होंने कहा कि वर्ष 2017 से पहले प्रदेश में नकल माफिया हावी था, लेकिन अब स्थिति बदल चुकी है।
गोंडा में मेडिकल कॉलेज, श्रावस्ती में एयरपोर्ट तैयार
सीएम योगी ने क्षेत्रीय विकास का जिक्र करते हुए कहा कि पहले गोंडा सबसे बदनाम जिलों में शामिल था। बलरामपुर में प्रति व्यक्ति आय कम थी और श्रावस्ती पिछड़ेपन से जूझ रहा था। इन क्षेत्रों में विकास की कमी थी। उन्होंने कहा कि अब गोंडा में मेडिकल कॉलेज बना है और श्रावस्ती में एयरपोर्ट तैयार हुआ है। सरकार ने विकास के जरिए इन क्षेत्रों की तस्वीर बदलने का काम किया है।
