50 किमी की भव्य शोभायात्रा के बाद उन्नाव के महादेव चौक पर विराजे भोलेनाथ, हर-हर महादेव से गूंजा शहर

# ## Kanpur Zone

उन्नाव,शहर के ऐतिहासिक बड़ा चौराहा पर भगवान शिव की मूर्ति की पुनर्स्थापना के अवसर पर मंगलवार को 50 किलोमीटर लंबी भव्य शोभायात्रा निकाली गई। सदर विधायक पंकज गुप्ता की अगुवाई में निकली यात्रा में हजारों श्रद्धालु गाजे-बाजे व भक्ति गीतों की धुन पर जमकर झूमे।शोभायात्रा की शुरुआत परियर स्थित बाबा बलखंडेश्वर मंदिर में पूजा-अर्चना के साथ हुई।

इसके बाद यात्रा बहरौला, बसधना, हाजीपुर, फतेहपुर, देवारा कलां, बनी, पिंडोखा, सहजनी, शुक्लागंज व मगरवारा-मसवासी होते हुए देरशाम बड़ा चौराहा पहुंची। मार्ग में जगह-जगह श्रद्धालुओं ने पुष्प वर्षा कर यात्रा का स्वागत किया और प्रसाद बांटा। यात्रा में भगवान शिव-पार्वती, श्रीगणेश, हनुमान जी, मां दुर्गा व श्रीराम दरबार की मनमोहक झांकियां आकर्षण का केंद्र रहीं। रथनुमा वाहन में सदर विधायक के साथ भाजपा जिलाध्यक्ष अनुराग अवस्थी, नर सेवा नारायण सेवा के संस्थापक विमल द्विवेदी व व्यापार संगठन अध्यक्ष अमित मिश्रा आदि मौजूद रहे। बड़ा चौराहा पहुंचने पर वैदिक मंत्रोच्चार के बीच भगवान शिव की मूर्ति की पुनर्स्थापना व प्राण प्रतिष्ठा हुई। विधायक ने बताया कि यह स्थल हमेशा से शिव आराधना का प्रमुख केंद्र रहा है। पुरानी मूर्ति के क्षतिग्रस्त होने से यहां का सुंदरीकरण कराकर नई मूर्ति स्थापित की गई है और इसे महादेव चौक नाम दिया गया। मौजूद लोगों में यह दृश्य अपने मोबाइलों में कैद किया।