आगरा में चलती स्कूटी में लगी आग:चालक ने कूदकर बचाई जान; देर रात कबाड़ गोदाम में भी लगी आग

Agra Zone International Lucknow

(www.arya-tv.com) आगरा में गर्मी में आग लगने की घटना लगातार बढ़ रही हैं। सोमवार रात को चलती हुई एक्टिवा में आग लग गई। इसके अलावा ताजगंज के तोरा क्षेत्र में एक कबाडे़ के गोदाम में आग लग गई। फायर ब्रिगेड ने दोनों जगह पर आग पर काबू पाया। राहत की बात ये रही कि दोनों जगह कोई जनहानि नहीं हुई।

चलती एक्टिवा में लगी आग
रविवार रात को जवाहर पुल पर एक एक्टिवा में अचानक आग लग गई। एक्टिवा चालक ट्रांस यमुना कॉलोनी निवासी प्रदीप जैन को कूदकर अपनी जान बचानी पड़ी। उन्होंने बताया कि वो रात को अपने काम से घर लौट रहे थे। तभी अचानक स्कूटर से आग की लपटें उठने लगीं। अचानक आग इतनी बढ़ गई कि उन्हें स्कूटी रोकने का समय नहीं मिला। बीच पुल पर एक्टिवा में आग लगने के चलते जाम लग गया। सूचना पर पहुंची फायर ब्रिगेड ने आग को बुझाया।

कबाड़ गोदाम में लगी आग
ताजगंज थाना क्षेत्र अंतर्गत तोरा गांव में कबाड़ का गोदाम है। देर रात को अचानक गोदाम में आग लग गई। गोदाम से धुआं और आग की लपटें उठने लगीं। लोगों ने बल्केश्वर निवासी गोदाम स्वामी बंटी और फायर ब्रिगेड को सूचना दी। गोदाम स्वामी ने बताया कि गोदाम एक माह से बंद था। यहां पर पीवीसी के वेस्टेज स्टोर किया जाता था। आग लगने का कारण पता नहीं चला है। फायर ब्रिगेड ने करीब एक डेढ़ घंटे की मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया। आग में करीब दो लाख रुपए का नुकसान होने की बात कही जा रही है।