नगर निगम की टीम पर पशु पालकों ने किया पथराव :यमुना में भैंसों को पकड़ने गई थी टीम

# ## Agra Zone

(www.arya-tv.com) आगरा में गुरुवार को शाम को नगर निगम की टीम पर पशु पालकों ने पथराव कर दिया। टीम यमुना में भैंसों को पकड़े गई थी। हमले में एक ड्राइवर समेत 2 कर्मचारी पत्थर लगने से घायल हो गए। घटना थाना छत्ता क्षेत्र इलाके की है। वाटरवर्क्स के पास यमुना में पशु पालक भैंसों को नहला रहे थे। सूचना मिलने पर नगर निगम की टीम मौके पर पहुंच गई। टीम को अपनी तरफ आते देखकर पशुपालकों ने हमला बोल दिया और पथराव करने लगे। पथराव होने पर टीम के सदस्य सुरक्षित स्थान पर छिपने के लिए दौड़े। इसी बीच कैटल कैचर गाड़ी का ड्राइवर पत्थर लगने से घायल हो गया और उसकी गाड़ी अनियंत्रित होकर डिवाइडर में घुस गई। कई और कर्मचारी भी पत्थर लगने से चोटिल हुए हैं।

 पशुपालक पशुओं को लेकर वहां से फरार
टीम ने घटना की जानकारी पुलिस को दी तो मौके पर पुलिस भी पहुंच गई। लेकिन पशुपालक पशुओं को लेकर वहां से फरार हो गए। थाना छत्ता प्रभारी अनुराग शर्मा ने बताया कि अज्ञात हमलावरों के खिलाफ केस दर्ज किया गया है। आरोपियों को पकड़ने के लिए पुलिस दबिश दे रही है। वहीं घायल कर्मचारियों का प्राथमिक उपचार कराने के बाद उन्हें घर भेज दिया गया।