स्मार्टफोन ने बचाई यूक्रेन सैनिक की जान, वीडियो हो रहा है इंटरनेट पर खूब वायरल

International

(www.arya-tv.com) रूस और यूक्रेन के बीच युद्ध थमता नहीं दिख रहा है। दोनों देशों के बीच युद्ध का आज 56वां दिन है। रूस के हमले में यूक्रेन के कई शहर तबाह हो गए हैं। इसके अलावा यूक्रेन के कई नागरिक और सैनिक भी इस युद्ध में मारे गए हैं। बहरहाल, युद्ध के बीच एक वीडियो चर्चा का विषय बन गया है। यूक्रेन के एक सैनिक का वीडियो इंटरनेट पर खूब वायरल हो रहा है।

यूक्रेन की सेना रूस के हमले का मुंहतोड़ जवाब दे रही है। अपने देश के लिए यूक्रेनी सैनिक हर मोर्चे पर डटे हुए हैं। रूसी सैनिकों से लोहा लेते यूक्रेन के जवान का एक वीडियो वायरल हो रहा है। वीडियो में सैनिक अपनी जेब से फोन निकालता दिख रहा है। स्मार्टफोन में एक गोली धंसी दिखाई दे रही है। साफ है कि स्मार्टफोन ने यूक्रेनी सैनिक की जिंदगी बचा ली। अगर सैनिक की जेब में फोन नहीं होता तो गोली उसके शरीर में होती जिससे उसकी जान भी जा सकती थी।

वीडियो में सैनिक अपने साथी के साथ बात करते हुए देख जा रहा है। बंकर जैसी जगह पर लेटा यूक्रेनी सैनिक अपनी जेब से फोन निकालता है और अपने साथी को दिखाता है। फोन को देखकर दोनों दंग रह जाते हें। दरअसल, फोन में एक गोली धंसी हुई थी। ये वीडियो सोशल मीडिया पर जमकर वायरल हो रहा है।

इसी बीच अमेरिका ने यूक्रेन को अधिक सैन्य सहायता देने का एलान किया है। अमेरिकी रक्षा विभाग के प्रवक्ता जान किर्बी ने बताया कि यूक्रेन को अतिरिक्त एयरक्राफ्ट और उसके स्पेयर पार्ट्स मिले हैं। एक प्रेस कांफ्रेंस के दौरान उन्होंने कहा कि यूक्रेन को विमान बेड़े का आकार बढ़ाने के लिए अतिरिक्त प्लेटफार्म्स और पार्ट्स मिले हैं। यहां प्लेटफार्म का मतलब एयरप्लेन से है। हवा में उन्हें मदद के लिए अतिरिक्त एयरक्राफ्ट और इसके पार्ट्स प्राप्त हुए हैं।