वैज्ञानिकों के भी उड़ गए होश, 500 पैरों और बिना आंखों वाला रहस्यमय जीव को देखकर

National

(www.arya-tv.com) जिस तरह अंतरिक्ष और समंदर की दुनिया रहस्यों से भरी हुई है, उसी तरह माना जाता है कि धरती पर भी तरह-तरह के रहस्य भरे पड़े हैं। ऐसे-ऐसे रहस्य, जिनके बारे में आजतक कोई भी नहीं जान पाया है। ऐसे में जब भी कोई नई चीज दिखती है, कोई नया जीव नजर आता है तो लोग हैरान रह जाते हैं, क्योंकि लोगों ने पहले वैसा कोई जीव देखा ही नहीं होता है।

ऐसे ही एक अजीबोगरीब और रहस्यमय जीव ने आजकल लोगों को हैरान किया हुआ है। कहा जा रहा है कि इस रहस्यमय जीव के करीब 500 पैर हैं और सबसे हैरान करने वाली बात ये है कि उसकी आंखें ही नहीं हैं यानी वो बिना आंखों वाला जीव है। मिरर की रिपोर्ट के मुताबिक, वैज्ञानिकों को ये अजीबोगरीब जीव अमेरिका के लॉस एंजेलिस से मिला है और वो भी एक कॉफी शॉप के नीचे। करीब 4 इंच लंबे इस जीव का नाम ‘लॉस एंजेलिस थ्रेड मिलीपैड’ रखा गया है।

वैज्ञानिकों ने जब सबसे पहले उसके पैरों को देखा तो उनके होश ही उड़ गए, क्योंकि उसके करीब 500 पैर थे। बाद में जब इस जीव की डीएनए सीक्वेंसिंग की गई तो पता चला कि ये एक मिलीपैड यानी कनखजूरे की नई प्रजाति है, जिसे आजतक कभी इंसानों ने देखा ही नहीं थां।

ट्रांसपैरेंट है ये अजीबोगरीब जीव

रिपोर्ट्स के मुताबिक, ये जीव देखने में बेहद ही पतला है, जैसे कि कोई पेंसिल की नोक हो। दिलचस्प बात ये है कि ये कनखजूरा ट्रांसपैरेंट है। आपने जेली फिश तो देखी ही होगी। जिस तरह वो ट्रांसपैरेंट होते हैं, उसी तरह ये जीव भी ट्रांसपैरेंट ही है। जांच के दौरान वैज्ञानिकों ने पाया कि ये जीव अंधा है।

हालांकि वैज्ञानिकों को ये जीव अचानक ही नहीं मिला है बल्कि उनकी एक टीम इसकी खोज में लगी हुई थी, पर आश्चर्यजनक बात ये है कि आमतौर पर कोई अनोखा जीव घने जंगलों में ही देखने को मिलता है, पर ये जीव तो हमारे बीच ही छिपा हुआ था, जिसकी हमें भनक भी नहीं थी।

पहले भी मिल चुके हैं रहस्यमय जीव

हालांकि ये कोई नई बात नहीं है जब कोई ऐसा अजीबोगरीब जीव वैज्ञानिकों के हाथ लगा है बल्कि पिछले साल भी खोज के दौरान वैज्ञानिकों को समंदर की गहराई में 35 से भी अधिक अजीबोगरीब प्रजातियां मिली थीं, जिसमें स्टारफिश की एक नई प्रजाति और सी-कुकुंबर की कई नई प्रजातियां शामिल हैं।