- औद्योगिक विकास से लेकर स्वास्थ्य, शिक्षा और अवस्थापना तक व्यापक काम
लखनऊ। डॉ.राजेश्वर सिंह के प्रयास से सरोजनीनगर विधानसभा क्षेत्र में विकास को बहुआयामी गति देने के लिए विभिन्न क्षेत्रों में बड़े पैमाने पर परियोजनाओं और कार्यों का खाका तैयार किया गया है। उपलब्ध आंकड़ों के अनुसार क्षेत्र में कुल 5,756 विकास कार्यों के लिए ₹48,120.45 करोड़ की राशि स्वीकृत एवं आवंटित की गई है। इन कार्यों में औद्योगिक विकास, अवस्थापना, परिवहन, स्वास्थ्य, आवास, बिजली, शिक्षा और अन्य जनसुविधाओं को शामिल किया गया है। आंकड़ों के मुताबिक औद्योगिक विकास के लिए 78 प्रमुख परियोजनाओं पर ₹20,430.87 करोड़ का प्रावधान है, जबकि अवस्थापना क्षेत्र में 2,183 कार्यों के लिए ₹13,846.82 करोड़ की राशि निर्धारित की गई है।
- एयरपोर्ट कनेक्टिविटी से स्वास्थ्य सुविधाओं तक फोकस
परिवहन क्षेत्र में एयरपोर्ट से जुड़े एक बड़े कार्य के लिए ₹10,000 करोड़ का प्रावधान बताया गया है। वहीं स्वास्थ्य सुविधाओं के विस्तार के लिए 661 कार्यों पर ₹1,462.59 करोड़ खर्च किए जाने हैं। आवास क्षेत्र में 17 कार्यों के लिए ₹1,425.65 करोड़ तथा बिजली व्यवस्था से जुड़े 1,101 कार्यों के लिए ₹449 करोड़ का प्रावधान किया गया है। इन योजनाओं का उद्देश्य क्षेत्र में बुनियादी सुविधाओं को मजबूत करने के साथ नागरिकों की रोजमर्रा की जरूरतों को बेहतर ढंग से पूरा करना है।
- शिक्षा और जनसुविधाओं को भी मिली जगह
युवाओं और विद्यार्थियों के भविष्य को ध्यान में रखते हुए शिक्षा क्षेत्र में 19 कार्यों के लिए ₹29.36 करोड़ का प्रावधान किया गया है। इसके अलावा विभिन्न जनसुविधाओं से जुड़े 1,696 कार्यों के लिए ₹476.16 करोड़ की राशि स्वीकृत होने की जानकारी दी गई है। विधायक डॉ. राजेश्वर सिंह की ओर से तैयार विकास योजना में क्षेत्र को औद्योगिक, अवस्थापना, स्वास्थ्य, शिक्षा और नागरिक सुविधाओं के लिहाज से मजबूत बनाने पर जोर दिया गया है। आंकड़ों में सामने आ रही यह तस्वीर बताती है कि सरोजनीनगर में विकास को एक क्षेत्र तक सीमित रखने के बजाय अलग-अलग क्षेत्रों को साथ लेकर आगे बढ़ाने की योजना पर काम किया जा रहा है।
