नैमिष नगर-वरुण विहार योजना के शुभारंभ की तैयारियां पूरी, 19 बसों से 980 लाभार्थी होंगे रवाना : डॉ.आशीष सिंह

Lucknow
  • नगर निगम जोन-8 ने पूरी की व्यवस्थाएं

लखनऊ। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ द्वारा 24 सितंबर को नैमिष नगर और वरुण विहार आवासीय योजनाओं के शुभारंभ को लेकर नगर निगम जोन-8 ने तैयारियां पूरी कर ली हैं। नगर आयुक्त गौरव कुमार के निर्देश के क्रम में जोनल अधिकारी / सहायक नगर आयुक्त डॉ. आशीष सिंह ने बताया कि कार्यक्रम में क्षेत्र से 19 बसों के माध्यम से करीब 980 लाभार्थियों को रवाना किया जाएगा। लाभार्थियों की सुविधा को ध्यान में रखते हुए बसों के संचालन और कार्यक्रम स्थल तक पहुंचने की व्यवस्थाओं को अंतिम रूप दे दिया गया है।

  • सफाई और पेयजल की भी पुख्ता व्यवस्था

डॉ. आशीष सिंह ने बताया कि कार्यक्रम में शामिल होने वाले लोगों को किसी तरह की असुविधा न हो, इसके लिए सफाई, पेयजल समेत अन्य आवश्यक व्यवस्थाएं पूरी कर ली गई हैं। नगर निगम की टीमों को आवश्यक व्यवस्थाओं की निगरानी और व्यवस्था को सुचारु बनाए रखने के लिए जिम्मेदारियां सौंपी गई हैं। कार्यक्रम में बड़ी संख्या में लाभार्थियों के पहुंचने को देखते हुए साफ-सफाई और मूलभूत सुविधाओं पर विशेष ध्यान दिया जा रहा है।

  • नई आवासीय योजनाओं को लेकर उत्साह

नैमिष नगर और वरुण विहार लखनऊ विकास प्राधिकरण की नई आवासीय योजनाओं में शामिल हैं। इनके शुभारंभ को लेकर लाभार्थियों और क्षेत्रवासियों में उत्साह है। नगर निगम प्रशासन का प्रयास है कि कार्यक्रम के दौरान आने-जाने वाले लोगों को बेहतर नागरिक सुविधाएं उपलब्ध हों और पूरी व्यवस्था व्यवस्थित ढंग से संचालित हो।