Pratapgarh Murder Case: पत्नी की हत्या कर रची लूटपाट की झूठी कहानी, पूछताछ में पति ने कबूला जुर्म

# ## Prayagraj Zone

रानीगंज, प्रतापगढ़। उत्तर प्रदेश के प्रतापगढ़ जिले में एक महिला की हत्या का सनसनीखेज मामला सामने आया है। फतनपुर थाना क्षेत्र के पटहटिया कला गांव में शुक्रवार रात 44 वर्षीय मंजू देवी की हत्या कर दी गई। आरोप है कि मेडिकल स्टोर संचालक पति अजय कुमार यादव ने वारदात को छिपाने के लिए घर में लूटपाट की झूठी कहानी गढ़ दी। पुलिस की पूछताछ में उसने अपना जुर्म कबूल कर लिया है।

नकाबपोश बदमाशों के घर में घुसने की बताई कहानी

पुलिस के मुताबिक, आरोपी पति ने शुरुआत में दावा किया कि रात करीब दो बजे चार नकाबपोश बदमाश लूटपाट के इरादे से घर में घुसे थे। आरोप है कि बदमाशों ने सो रही उसकी पत्नी के सिर पर वार कर दिया, जिससे उसकी मौत हो गई। हालांकि, पूछताछ के दौरान आरोपी ने करीब आधे घंटे में तीन बार बयान बदले।

इसके अलावा, उसने मायके पक्ष को सूचना देने के लगभग दो घंटे बाद सुबह चार बजे पुलिस को घटना की जानकारी दी। बयानों में विरोधाभास और सूचना देने में देरी के चलते पुलिस का शक पति पर गहरा गया।

फॉरेंसिक टीम ने जुटाए साक्ष्य

घटना की सूचना मिलने पर फतनपुर थानाध्यक्ष मनोज कुमार तोमर पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे। सीओ रानीगंज एवं आईपीएस प्रशांत राज हुड्डा ने फॉरेंसिक टीम के साथ घटनास्थल का निरीक्षण किया और साक्ष्य जुटाए। पुलिस की शुरुआती जांच में महिला की मौत को लेकर पति की भूमिका सामने आई।

आरोपी अजय कुमार यादव फतनपुर बाजार में मेडिकल स्टोर चलाता है। इसके साथ ही वह उत्तर प्रदेश ग्रामीण बैंक की टाइनी शाखा का संचालन भी करता है।

हत्या की वजह की जांच जारी

पुलिस मामले की गहनता से जांच कर रही है। प्रथम दृष्टया प्रेम प्रसंग समेत अन्य संभावित कारणों को भी जांच के दायरे में रखा गया है। हालांकि, हत्या के पीछे की वास्तविक वजह का अभी आधिकारिक खुलासा नहीं हुआ है। इस वारदात से इलाके में सनसनी फैल गई है।