भीम आर्मी के चीफ चंद्रशेखर आजाद पर हमला करने वाले 4 लोगों को पुलिस ने हिरासत में लिया

UP

(www.arya-tv.com) उत्तर प्रदेश के देवबंद में बुधवार शाम को भीम आर्मी के चीफ चंद्रशेखर आजाद की गाड़ी पर अज्ञात हमलावरों ने फायरिंग कर दी थी। हालांकि, इस हमले में चंद्रशेखर बाल-बाल बच गए थे। गोली उनको छूते हुए निकल गई थी। सूत्रों के मुताबिक, पुलिस ने इस मामले में अब चार लोगों को हिरासत में लिया है। पुलिस के अफसर चारों से पूछताछ कर रहे हैं।

चंद्रशेखर आजाद पर हमला तब हुआ, जब वह दिल्ली से सहारनपुर की ओर अपनी गाड़ी के साथ जा रहे थे। उनको देवबंद जाना था। यहां पर वह अपने एक सहयोगी से मिलने वाले थे। इसी बीच, हमलावर आए और चंद्रशेखर की गाड़ी को निशाना बनाते हुए फायरिंग कर दी। इस हमले में चंद्रशेखर की गाड़ी के शीशे टूट गए। साथ ही वाहन पर गोलियों के निशान भी देखे गए हैं।

हमलावर जिस गाड़ी से घटना को अंजाम देने के लिए आए थे, वह गाड़ी हरियाणा नंबर की बताई जा रही है। बताया जा रहा है कि चंद्रशेखर आजाद के वाहन पर अपराधियों ने करीब चार राउंड गोली चलाई। हमले के बाद चंद्रशेखर को तत्काल अस्पताल में भर्ती कराया गया। डॉक्टरों के मुताबिक, गोली शरीर को सिर्फ टच की थी, इस वजह से उन्हें गंभीर जख्म नहीं है। उनकी स्थिति खतरे से बाहर है।

वहीं, हमले को लेकर चंद्रशेखर ने बताया था कि फायरिंग करने के बाद बदमाश गाड़ी में सवार होकर सहारनपुर की ओर भागे थे। गाड़ी में हमारे साथ कुल पांच लोग थे। गाड़ी को मेरा भाई ही चला रहा था। इस हमले में मेरे अलावा गाड़ी में बैठा एक और शख्स जख्मी हुआ है।

चंद्रशेखर ने कहा है कि उनका तो किसी से कोई विवाद भी नहीं है। वहीं, यूपी पुलिस के अफसरों ने कहा है कि पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है। बता दें कि चंद्रशेखर सहारनपुर के ही रहने वाले हैं। उन्होंने साल 2014 में अपने समर्थकों की मदद से भीम आर्मी संगठन की शुरुआत की थी।