प्रदेश की कानून व्यवस्था को सुदृढ़ बनाए रखने में महत्वपूर्ण भूमिका का निर्वहन किया: मुख्यमंत्री

Lucknow

(www.arya-tv.com)मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ  ने कहा कि उत्तर प्रदेश पी0ए0सी0 बल अपने शौर्य व पराक्रम के लिए जाना जाता है। इस बल ने प्रदेश के साथ ही, देश के विभिन्न राज्यों में आन्तरिक सुरक्षा की विभिन्न चुनौतियों का सामना सदैव तत्पर होकर किया है। उत्तर प्रदेश पी0ए0सी0 बल को जब भी अवसर मिला है, उसने अपना सर्वोत्तम करने का प्रयास किया है। 

मुख्यमंत्री  35वीं वाहिनी पी0ए0सी0 परिसर में पी0ए0सी0 संस्थापना दिवस-2022 के आयोजन के अवसर पर अपने विचार व्यक्त कर रहे थे। उन्होंने पी0ए0सी0 बल के समस्त अधिकारियों एवं जवानों को संस्थापना दिवस की हार्दिक बधाई देते हुए कहा कि उत्तर प्रदेश पी0ए0सी0 बल ने विगत 74 वर्षों मंे अपनी शानदार यात्रा के दौरान प्रदेश की कानून व्यवस्था को सुदृढ़ बनाए रखने में महत्वपूर्ण भूमिका का निर्वहन किया है। 

मुख्यमंत्री ने कहा कि वर्ष 2001 में देश की संसद पर हुए आतंकवादी हमले के दौरान उत्तर प्रदेश पी0ए0सी0 बल के जवानों ने जिस बुद्धिमत्ता और पराक्रम का परिचय दिया था, वह किसी से छुपा नहीं है। 

मुख्यमंत्री  ने कहा कि पी0ए0सी0 की 17 बाढ़ राहत कम्पनियों में उपलब्ध मोटर बोट्स और अन्य उपकरणों आदि के क्रय के लिए राज्य आपदा मोचन निधि से अनुदान स्वीकृत किये गये हैं। यू0पी0 112 परियोजना में भी पायलट ड्राइवर के रूप में 1,231 पी0ए0सी0 कर्मी लगाये गये हैं, जो अपराध नियंत्रण व पीड़ित को त्वरित सहायता में अपना योगदान दे रहे हैं। 

मुख्यमंत्री  ने 23वीं वाहिनी पी0ए0सी0, मुरादाबाद के आरक्षी बलराम को केरल में आयोजित 71वीं अखिल भारतीय पुलिस क्रास कन्ट्री प्रतियोगिता 2022 में रजत पदक प्राप्त करने के लिए सर्वश्रेष्ठ खिलाड़ी का कप एवं पुरस्कार की धनराशि प्रदान की। द्वितीय वाहिनी पी0ए0सी0, सीतापुर के पी0ए0सी0 कर्मियों द्वारा बाढ़ में फंसे हुए किसानों को सुरक्षित स्थान पर पहुंचाने के लिए श्रेष्ठ कार्य का पुरस्कार दिया। श्री गोरक्षनाथ मन्दिर, गोरखपुर में संदेहास्पद व्यक्ति के हमले का सामना करने के लिए 20वीं वाहिनी पी0ए0सी0 आजमगढ़ के तीन आरक्षियों को सर्वश्रेष्ठ कार्य का पुरस्कार प्रदान किया।

इस अवसर पर अपर पुलिस महानिदेशक पी0ए0सी0 डॉ0 के0एस0 प्रताप कुमार ने धन्यवाद ज्ञापित करते हुए कहा कि मुख्यमंत्री जी के आगमन से पी0ए0सी0 के जवानों में उत्साह का संचार हुआ है। इस अवसर पर प्रमुख सचिव मुख्यमंत्री, गृह एवं सूचना  संजय प्रसाद एवं उत्तर प्रदेश पी0ए0सी0 बल के अधिकारी एवं जवान उपस्थित थे।