- भगवान विष्णु के दिव्य अवतारों पर आधारित सांस्कृतिक प्रस्तुतियों ने मोहा मन, डांडिया प्रतियोगिता में चार सदनों ने दिखाई प्रतिभा
- संस्कृति और परंपरा के रंगों से सजा नवरंग-2026

लखनऊ। आर्यकुल ग्रुप ऑफ कॉलेजेज में 10वें ‘नवरंग-2026’ डांडिया महोत्सव का भव्य आयोजन किया गया। सरोजनीनगर के विधायक डॉ. राजेश्वर सिंह मुख्य अतिथि के रूप में शामिल हुए और दीप प्रज्ज्वलित कर कार्यक्रम का शुभारंभ किया। महोत्सव में भारतीय संस्कृति, परंपरा और लोककला का अद्भुत संगम देखने को मिला। भगवान विष्णु के दिव्य अवतारों पर आधारित सांस्कृतिक प्रस्तुतियों ने दर्शकों को मंत्रमुग्ध कर दिया और सनातन संस्कृति की अनुपम झलक प्रस्तुत की। आयोजन का प्रमुख आकर्षण आर्यकुल के चार सदनों वल्लभी, उज्जैन, तक्षशिला और नालंदा के बीच हुई डांडिया प्रतियोगिता रही।

- कानून-व्यवस्था और विकास में उत्तर प्रदेश की नई पहचान
विद्यार्थियों को संबोधित करते हुए डॉ. राजेश्वर सिंह ने कहा कि मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के नेतृत्व में उत्तर प्रदेश ने कानून-व्यवस्था के क्षेत्र में उल्लेखनीय परिवर्तन किया है। प्रदेश में कानून का राज स्थापित हुआ है और नागरिक स्वयं को अधिक सुरक्षित महसूस कर रहे हैं। उन्होंने बताया कि पिछले लगभग 10 वर्षों में 80 हजार से अधिक अपराधियों के विरुद्ध गैंगस्टर एक्ट के तहत कार्रवाई की गई तथा 17 हजार से अधिक पुलिस मुठभेड़ों में 24 हजार से अधिक अपराधी घायल हुए हैं।

- आर्थिक महाशक्ति बनना भारत का लक्ष्य
डॉ. राजेश्वर सिंह ने कहा कि एक समय भारत को सोने की चिड़िया कहा जाता था, लेकिन देश की अपार संपदा ने विदेशी आक्रांताओं को आकर्षित किया और भारत को बार-बार लूटा गया। आज भारत फिर अपनी उसी गौरवशाली आर्थिक सामर्थ्य को हासिल करने की दिशा में तेजी से आगे बढ़ रहा है। हमारा लक्ष्य भारत को विश्व की सबसे बड़ी अर्थव्यवस्था बनाना है।
- शिक्षकों, विद्यार्थियों और आयोजन समिति को दी बधाई
मुख्य अतिथि ने विद्यार्थियों की प्रतिभा, आत्मविश्वास और उत्कृष्ट सांस्कृतिक प्रस्तुतियों की सराहना करते हुए सभी प्रतिभागियों, मार्गदर्शक शिक्षकों और आयोजन से जुड़े सदस्यों को बधाई दी। कार्यक्रम में वीबीयूएसएस, अवध प्रांत के क्षेत्र संयोजक एवं लखनऊ विश्वविद्यालय के प्रो. जयशंकर प्रसाद पांडेय, प्रांतीय अध्यक्ष एवं बाबासाहेब भीमराव अंबेडकर विश्वविद्यालय के प्रो. डॉ. सुभाष मिश्र, प्रांतीय सचिव डॉ. मंजुल त्रिवेदी, प्रांतीय कोषाध्यक्ष एवं आर्यकुल ग्रुप ऑफ कॉलेजेज के प्रबंध निदेशक डॉ. सशक्त सिंह, प्रांतीय उपाध्यक्ष प्रो. सुनीता कुमार, डॉ. शीर्षेन्दु शील त्रिवेदी, डॉ. अभिषेक तिवारी, डॉ. सुजीत चतुर्वेदी और डॉ. रुचिता चौधरी सहित संगठन के अनेक पदाधिकारी एवं कार्यकारिणी सदस्य उपस्थित रहे। स्थानीय जनप्रतिनिधियों में बंथरा नगर पंचायत के चेयरमैन प्रतिनिधि रंजीत रावत, पार्षद कौशलेन्द्र द्विवेदी, बृजमोहन शर्मा (मुकेश), गीता देवी गुप्ता, लवकुश रावत और के.एन. सिंह सहित अनेक गणमान्य लोग मौजूद रहे।
