कार्यपालिका और न्यायपालिका के बीच बेहतर समन्वय में विधि अधिकारियों ने महत्वपूर्ण भूमिका निभाई : मुख्यमंत्री

Lucknow

(www.arya-tv.com)उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने कहा कि कार्यपालिका और न्यायपालिका के बीच बेहतर समन्वय और सही तथ्यों के साथ शासन की मंशा प्रस्तुत करने में विधि अधिकारियों ने महत्वपूर्ण भूमिका निभाई है। विगत साढ़े पांच-छह वर्षों में विधि अधिकारियों ने प्रभावी पैरवी के साथ आमजन को समय से न्याय दिलाने में काफी अच्छा सहयोग दिया है।

मुख्यमंत्री प्रदेश शासन के अपर मुख्य सचिव, प्रमुख सचिव और सचिव स्तर के अधिकारियों तथा वरिष्ठ विधि अधिकारियों के साथ बैठक में अपने विचार व्यक्त कर रहे थे। आमजन की सुविधा और शासकीय कार्यप्रणाली की सुगमता के दृष्टिगत आहूत इस बैठक में प्रदेश के महाधिवक्ता, अपर महाधिवक्तागण, प्रमुख सचिव न्याय, प्रमुख सचिव संसदीय कार्य सहित न्याय विभाग के वरिष्ठ अधिकारी भी सम्मिलित हुए।
मुख्यमंत्री ने कहा कि सुशासन के लिए समय से न्याय मिलना जरूरी होता है। ऐसे में न्यायालय से जुड़ी पत्रावलियों का प्राथमिकता के साथ निस्तारण किया जाना चाहिए। पत्रावलियां लम्बित नहीं रहनी चाहिए। न्यायालय के समक्ष समय पर सही तथ्य प्रस्तुत किए जा सकें, इसके लिए यह आवश्यक है कि शासन के अधिकारियों और विधि अधिकारियों के बीच सतत संवाद और बेहतर समन्वय रहे।

महाधिवक्ता अजय कुमार मिश्र ने शासन और विधि अधिकारियों के बीच बेहतर समन्वय के लिए बैठक के आयोजन हेतु मुख्यमंत्री के प्रति आभार जताया। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री के मार्गदर्शन में विधि अधिकारियों की पूरी टीम राज्य सरकार की मंशा के अनुरूप कानून के हिसाब से अपने दायित्वों का निर्वहन कर रही है। शासन स्तर से सभी विभागों द्वारा बेहतर समन्वय और सहयोग प्राप्त हो रहा है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *