लखीमपुर खीरी कांड: पीएम मोदी का विरोध करने के लिए फूंकना चाहते थे उनका पुतला, कई किसान नेताओं को पुलिस ने किया गिरफ्तार

Agra Zone

(www.arya-tv.com) भारतीय किसान यूनियन लोक शक्ति के पदाधिकारी और कार्यकर्ताओं ने आगरा के रामबाग चौराहे पर लखीमपुर खीरी में किसानोें की हत्या को लेकर विरोध जताने लिए प्रधानमंत्री मोदी का प्रतीकात्मक पुतला फूंकना चाहते थे मगर पुलिस ने ऐसा करने नहीं दिया। पुलिस ने शांति भंग की कार्यवाही करते हुए सात किसान नेताओं को हिरासत में ले ​लिया।

यूनियन के युवा जिला संगठन मंत्री मनीष उपाध्याय ने बताया कि लखीमपुर खीरी प्रकरण में विरोध जताने रामबाग चौराहे पर 20-25 पदाधिकारी और कार्यकर्ता आए थे। उनके हाथ में पुतला भी था। वह अधिकारियों को ज्ञापन भी देने वाले थे। नारेबाजी करने के दौरान पुलिस पहुंच गई। पुलिस ने उनके सहित सात पदाधिकारियों को जबरन गाड़ी में डाल लिया। इसके बाद थाने ले गए। इससे संगठन के पदाधिकारी दुर्गा प्रसाद के हाथ में चोट लगी है।

उधर, थाना एत्माद्दौला के प्रभारी निरीक्षक देवेंद्र शंकर पांडेय का कहना है कि एक संगठन के लोग आए थे। पुतले में लाइटर से आग लगा रहे थे। पुलिस के रोकने पर हंगामा करने लगे। इस पर सात पदाधिकारियों के खिलाफ शांति भंग की कार्रवाई की। गिरफ्तार किए गए पदाधिकारियों में जिलाध्यक्ष दीपक सिंह तोमर, द्वारिका प्रसाद, रुपेंद्र कुमार, मनीष उपाध्याय, सुशील तोमर, सुरेश चंद्र और कन्हैया हैं। उन्हें जमानत मिल गई।