- कारीगरों को प्रशिक्षण, टूलकिट और आर्थिक सहायता से मिला नया संबल; 1.31 लाख से अधिक कारीगर लाभान्वित
- 79 GI टैग उत्पादों के साथ यूपी देश में पहले स्थान पर, स्थानीय MSMEs और ODOP उत्पादों का निर्यात में लगभग आधा योगदान
लखनऊ। सरोजनीनगर विधायक डॉ. राजेश्वर सिंह ने कहा कि मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के नेतृत्व में वर्ष 2018 में शुरू हुई ‘एक जनपद–एक उत्पाद’ (ODOP) योजना ने उत्तर प्रदेश के पारंपरिक हुनर को सम्मान, रोजगार और वैश्विक पहचान दिलाई है। इस पहल ने स्थानीय कारीगरों को बाजार से जोड़कर प्रदेश की अर्थव्यवस्था को नई मजबूती दी है।
- निर्यात में ऐतिहासिक उपलब्धि
डॉ. सिंह ने बताया कि उत्तर प्रदेश का निर्यात वर्ष 2016-17 के लगभग 84,283 करोड़ रुपये से बढ़कर वित्त वर्ष 2025-26 में 2.01 लाख करोड़ रुपये पहुंच गया है। ODOP उत्पादों का निर्यात भी 58 हजार करोड़ रुपये से बढ़कर 93 हजार करोड़ रुपये के पार हो गया है। प्रदेश के कुल निर्यात में ODOP और स्थानीय MSMEs का लगभग आधा योगदान है।
- कारीगरों को प्रशिक्षण और आर्थिक सहायता
उन्होंने बताया कि 1.31 लाख से अधिक कारीगरों को 200 रुपये प्रतिदिन मानदेय के साथ निःशुल्क प्रशिक्षण और 20 हजार रुपये तक की टूलकिट दी गई है। वहीं, मार्जिन मनी योजना के तहत 4 हजार करोड़ रुपये से अधिक की परियोजनाएं स्वीकृत हुई हैं। इसमें अधिकतम 20 लाख रुपये तक सब्सिडी का प्रावधान है।
- GI टैग से बढ़ा यूपी का गौरव
डॉ. सिंह ने कहा कि 79 GI टैग उत्पादों के साथ उत्तर प्रदेश देश में पहले स्थान पर है। उन्होंने लखनऊ की चिकनकारी सहित स्थानीय उत्पादों को प्रोत्साहित करने की अपील करते हुए कहा कि स्थानीय हुनर की खरीदारी कारीगरों के परिवारों को आर्थिक मजबूती देती है। ODOP प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के ‘वोकल फॉर लोकल’ और ‘मेक इन इंडिया’ संकल्प को साकार करने की दिशा में महत्वपूर्ण पहल है।
