Kanpur Crime News: कॉलेज के बाहर से छात्र को कार में अगवा कर पीटा, जानें क्या थी वजह

# ## Kanpur Zone

पनकी थाना क्षेत्र स्थित नारायणा नर्सिंग कॉलेज में फेयरवेल पार्टी के दौरान एक छात्र को कार में जबरन बैठाकर अगवा करने और मारपीट करने का मामला सामने आया है। आरोप है कि सीनियर छात्रा के पुरुष मित्र ने अपने चार साथियों के साथ मिलकर जेएनएम द्वितीय वर्ष के छात्र मोहम्मद जाहिद को कार में खींच लिया। रास्ते में उसकी शर्ट उतारकर फेंक दी और थप्पड़ों से पीटते हुए चकरपुर तक ले गए। किसी तरह आरोपियों के चंगुल से छूटने के बाद छात्र ने अपने दोस्तों को फोन कर घटना की जानकारी दी।

वीडियो बनाने को लेकर हुआ था विवाद

रावतपुर के रोशन नगर निवासी मोहम्मद जाहिद की मां मेहपारा बेगम ने पनकी पुलिस को दी गई तहरीर में बताया कि 10 अक्टूबर को कॉलेज में फेयरवेल पार्टी चल रही थी। रात करीब आठ बजे उनका बेटा स्नैक्स लेकर मेज की ओर जा रहा था। इसी दौरान एक सीनियर छात्रा मोबाइल से वीडियो बना रही थी। जाहिद ने उससे रास्ते से हटकर वीडियो बनाने के लिए कहा।

आरोप है कि कुछ देर बाद छात्रा ने जाहिद को कॉलेज के बाहर बुलाया और अपने पुरुष मित्र से मिलने को कहा। छात्र जैसे ही मुख्य गेट पर पहुंचा, वहां आई-10 कार में सवार पांच युवकों ने उसे कथित तौर पर जबरन कार में खींच लिया।

चकरपुर में मौका पाकर भागा छात्र

तहरीर के मुताबिक, आरोपी छात्र को पीटते हुए चकरपुर तक ले गए। वहां कार रोककर युवक सिगरेट पीने लगे। इसी दौरान जाहिद मौका पाकर उनके चंगुल से भाग निकला। इसके बाद उसने अपने दोस्तों को फोन कर घटना की जानकारी दी और कॉलेज पहुंचकर पूरे मामले से अवगत कराया।

एसीपी पनकी अमित चौरसिया ने बताया कि मामले की जांच की जा रही है।