आजम खान पर ED का शिकंजा, छह घंटे की पूछताछ के बाद नया केस दर्ज

# ## UP

 सपा नेता आजम खान की मुश्किलें कम होने का नाम नहीं ले रही हैं। ईडी ने आजम खान पर गंभीर धाराओं में नया केस दर्ज करा दिया है। कल यानी मंगलवार को रामपुर जेल में छह घंटे चली लंबी पूछताछ के बाद ईडी ने दर्ज किया है।

दरअसल, प्रवर्तन निदेशालय (ईडी) की टीम मंगलवार सुबह करीब 9:45 बजे रामपुर जिला कारागार पहुंची थी और सपा नेता आजम खान से जौहर विवि को लेकर पूछताछ की। जौहर विवि और जौहर ट्रस्ट में वित्तीय लेनदेन के मामले में लगे आरोपों को लेकर सवालों के जवाब मांगे। शाम चार बजे तक ईडी की टीम जिला कारागार से निकल गई।

करीब छह घंटे तक ईडी के चार अधिकारियों की टीम ने आजम खान से जौहर विवि से जुड़े वित्तीय लेनदेन की पूछताछ की।

ईडी के चार अधिकारी पहुंचे थे जेल

मंगलवार सुबह एक गााड़ी में ईडी के चार अधिकारियों की टीम लखनऊ से रामपुर के जिला कारागार पहुंची। जेल में प्रवेश के बाद ईडी के अधिकारी आजम की बैरक में पहुंचे। जहां जौहर विवि और जौहर ट्रस्ट को मिले करोड़ों के चंदे, निर्माण कार्यों पर खर्च की गई रकम के बारे में सवाल किया गया। इससे पहले जांच एजेंसी वित्तीय लेन-देन के मामले में उनके चार्टर्ड अकाउंटेंट दीपक गोयल, जौहर यूनिवर्सिटी के कुलपति प्रो. जहीरुद्दीन, सपा विधायक नसीर अहमद खान और ठेकेदार सलीम से पूछताछ हो चुकी है। मामले में चमरौआ विधानसभा सीट से सपा विधायक नसीर अहमद खान से ईडी ने 7 घंटे पूछताछ की थी। ट्रस्ट को करोड़ों रुपये की धनराशि कहां से मिली, इसके लिए ईडी मामले में पिछले कई महीनों से छानबीन कर रही है।