आगरा में किसान सरकार को भेजेंगे खून से लिखे पत्र:जमीन वापसी के लिए कर रहे भूख हड़ताल

# ## Agra Zone

(www.arya-tv.com)  आगरा में इनर रिंग रोड थर्ड फेस की जमीन वापसी के लिए किसान भूख हड़ताल कर रहे हैं। बीती रात को प्रशासन ने कलेक्ट्रेट से किसानों को हटा दिया तो किसान तहसील सदर परिसर में भूख हड़ताल पर बैठ गए। आज किसान सरकार को खून से पत्र लिखेंगे।

दरअसल किसानों को आगरा विकास प्राधिकरण तथा प्रशासन ने 5 मई को वार्ता के लिए बुलाया था। कलक्ट्रेट में कई घंटे तक बैठक चली लेकिन आखिर में कोई बात नहीं बनी। वार्ता विफल होने पर किसान नारेबाजी करते हुए कलेक्ट्रेट में ही प्रदर्शन करते हुए भूख हड़ताल पर बैठ गए। बीती रात को कलेक्ट्रेट पर हड़ताल कर रहे किसानों को वहां हटा दिया गया।

किसान अब तहसील सदर परिसर में हड़ताल पर बैठे हैं। किसानों ने ऐलान किया है कि आज यानी बुधवार को प्रदेश और केंद्र सरकार को समस्या से अवगत कराने के लिए किसान अपने खून से पत्र लिखेंगे। खून से पत्र लिखने के लिए तहसील सदर में आज किसानों की भीड़ उमड़ सकती है।

गर्मी से किसानों की तबियत खराब
किसान नेता श्याम सिंह चाहर का कहना है कि वह मेडिकल कराने गए थे। इसी बीच भूख हड़ताल स्थल पर बैठे किसानों को प्रशासन ने गुमराह कर सदर तहसील भेज दिया। उन्होंने बताया कि गर्मी अधिक होने तथा भूख हड़ताल के चलते किसानों की तबीयत खराब हो रही है। प्रशासन ने उन्हें मेडिकल कराने के लिए जिला अस्पताल भेजा था। इसी बीच प्रशासनिक अधिकारियों ने कलक्ट्रेट में धरने पर बैठे अन्य किसानों को गुमराह कर दिया। देर शाम किसानों ने तहसील सदर में भूख हड़ताल पर बैठ गए। एसीएम पंचम विजय सिंह, सिटी मजिस्ट्रेट आनंद कुमार ने किसानों को समझाने का प्रयास किया लेकिन वे अपनी मांगों पर अड़े रहे।