Sultanpur विकास योजनाओं की सुस्त प्रगति और विभागीय रैंकिंग में गिरावट को लेकर मुख्य विकास अधिकारी विनय कुमार सिंह ने अधिकारियों को सख्त निर्देश दिए हैं। उन्होंने स्पष्ट कहा कि लंबित परियोजनाओं को समयसीमा में पूरा कराएं और योजनाओं का लाभ प्रत्येक पात्र व्यक्ति तक पहुंचाने में लापरवाही न बरतें।
गुरुवार को कलेक्ट्रेट के नवीन सभागार में सीएम डैशबोर्ड के माध्यम से विकास कार्यों, सीएमआईएस पोर्टल पर लंबित परियोजनाओं और 50 लाख रुपये से अधिक लागत वाली निर्माणाधीन परियोजनाओं की समीक्षा की गई। बैठक में छात्रवृत्ति, फैमिली आईडी और पर्यटन विकास निगम की विलंबित परियोजनाओं को प्राथमिकता से पूरा कराने के निर्देश दिए गए।ओडीओपी योजना में रैंकिंग सुधारने के लिए एमएसएमई विभाग तथा बैंकों में लंबित ऋण आवेदनों का निस्तारण कर पेंडेंसी घटाने के लिए एलडीएम को निर्देशित किया गया। पंचायत राज, ग्राम्य विकास, समाज कल्याण, कृषि, स्वास्थ्य, लोक निर्माण विभाग, जल जीवन मिशन और विद्युत विभाग की योजनाओं की भी समीक्षा हुई। सीडीओ ने गिरती रैंकिंग वाले विभागों को अगली बैठक से पहले सुधार लाने की चेतावनी दी। साथ ही सीएम डैशबोर्ड पर आंकड़ों की नियमित निगरानी और उनकी शुद्धता सुनिश्चित करने को कहा। उन्होंने निर्माण कार्यों में गुणवत्ता, पारदर्शिता और समयबद्धता बनाए रखने पर जोर देते हुए कहा कि विकास कार्यों में अनावश्यक देरी बर्दाश्त नहीं की जाएगी।
