विशाल चतुर्वेदी को हनुमान अंश के लिए मिला सम्मान, मुंबई में आयोजित समारोह में इंडियन ऑफ द ईयर अवॉर्ड से नवाजे गए फिल्मकार

# ## Fashion/ Entertainment

फिल्म ‘हनुमान अंश’ के लेखक, निर्देशक और निर्माता विशाल चतुर्वेदी को फिल्म के निर्माण में उनकी रचनात्मक सोच, परिश्रम और योगदान के लिए इंडियन ऑफ द ईयर सम्मान से नवाजा गया है। विशाल चतुर्वेदी ने इस उपलब्धि को अपनी पूरी टीम और फिल्म से जुड़े सहयोगियों को समर्पित करते हुए कहा कि उनके भरोसे और निरंतर प्रयासों के बिना इस फिल्म को साकार करना संभव नहीं हो पाता। सम्मान समारोह के दौरान मंच पर पहुंचते ही उन्होंने ‘सीता राम’ कहकर अपने संबोधन की शुरुआत की और कहा कि देश में माताओं और बहनों को पहले स्थान दिया जाता है, इसलिए यह संबोधन अधिक उपयुक्त है। उन्होंने ‘हनुमान अंश’ के निर्माण के अनुभव साझा करते हुए बताया कि फिल्म बनाने का सफर काफी चुनौतीपूर्ण रहा, लेकिन निर्माताओं के विश्वास और पूरी टीम की मेहनत ने इस यात्रा को संभव बनाया।

रचनात्मक स्वतंत्रता और टीम के योगदान का किया विशेष उल्लेख

विशाल चतुर्वेदी ने अपने संबोधन में सबसे पहले फिल्म की निर्माताओं रागिनी सोना और नम्रता सिंह के प्रति आभार व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि रागिनी सोना ने उनकी रचनात्मक सोच पर भरोसा जताया और फिल्म निर्माण के दौरान उन्हें पूरी स्वतंत्रता दी। उन्होंने कहा कि एक फिल्मकार के लिए निर्माता का विश्वास बेहद अहम होता है और जब टीम या निर्माताओं का अनावश्यक हस्तक्षेप होता है, तो रचनात्मकता प्रभावित होती है, लेकिन उन्हें ऐसी स्थिति का सामना नहीं करना पड़ा। इस दौरान उन्होंने फिल्म के 25 वर्षीय कार्यकारी निर्माता पीयूष सिंह ठाकुर को भी मंच पर बुलाया और पहले दिन से उनके समर्पण व मेहनत की सराहना की।

गायक सुनील लोधी और कलाकार शोभिनव सत्य को भी दिया श्रेय

समारोह में विशाल चतुर्वेदी ने फिल्म के भक्ति गीत ‘मैंने तेरे ही भरोसे हनुमान’ को आवाज देने वाले गायक एवं संगीतकार सुनील लोधी का भी विशेष आभार जताया और कहा कि यह गीत दर्शकों के बीच अपनी अलग पहचान बना चुका है। इसके साथ ही उन्होंने फिल्म में नीम करौली बाबा महाराज की भूमिका निभाने वाले शोभिनव सत्य को भी मंच पर आमंत्रित किया। उन्होंने कहा कि यह सम्मान केवल उनकी व्यक्तिगत उपलब्धि नहीं है, बल्कि ‘हनुमान अंश’ से जुड़े सभी सहयोगियों और पूरी टीम की सामूहिक सफलता है, जो उनके फिल्मी सफर का एक महत्वपूर्ण पड़ाव है।