टीबी उन्मूलन के लिए लगातार अभियान चलाए जाने के बावजूद बरेली मंडल में बीमारी की पहचान के आंकड़े चिंता बढ़ा रहे हैं। अगस्त 2024 से अगस्त 2026 तक हुई स्क्रीनिंग की रिपोर्ट में बरेली जिले में टीबी पॉजिटिविटी दर 28.5 प्रतिशत दर्ज की गई है। यानी टीबी के लक्षणों के साथ जांच कराने वाले हर 100 लोगों में करीब 29 की रिपोर्ट पॉजिटिव आई। मंडल के चारों जिलों में यह दर बरेली में सबसे अधिक रही।
रिपोर्ट के मुताबिक, शाहजहांपुर में टीबी पॉजिटिविटी दर 25.4 प्रतिशत और बदायूं में 22.6 प्रतिशत दर्ज की गई। वहीं पीलीभीत में यह आंकड़ा सबसे कम 17.2 प्रतिशत रहा। आंकड़ों के लिहाज से बरेली और शाहजहांपुर में लक्षणयुक्त लोगों की जांच में हर चार में से एक से अधिक व्यक्ति टीबी पॉजिटिव मिला।
जिला क्षय रोग अधिकारी डॉ. इंतजार हुसैन ने बताया कि स्वास्थ्य विभाग की ओर से लोगों को टीबी के प्रति लगातार जागरूक किया जा रहा है। जिले की 1188 ग्राम पंचायतों में से करीब 50 को टीबी मुक्त घोषित किया जा चुका है। उन्होंने बताया कि दो सप्ताह से अधिक खांसी, लगातार बुखार, रात में पसीना आना, वजन कम होना और भूख में कमी जैसे लक्षण दिखाई देने पर टीबी की जांच जरूर करानी चाहिए। समय पर बीमारी की पहचान और पूरा इलाज कराने से संक्रमण को फैलने से रोकने में मदद मिलती है। उन्होंने लोगों से अपील की कि लक्षणों को नजरअंदाज न करें और नजदीकी स्वास्थ्य केंद्र पर जांच कराएं।
टीबी के खिलाफ मैदान में उतरीं जोश टीमें
जिले में टीबी उन्मूलन अभियान को गति देने के लिए टीबी मुक्त भारत अभियान के तहत जोश (ज्वाइंट स्क्वाड फॉर हेल्थ) टीमों का गठन किया गया है। आठ अक्टूबर को कलेक्ट्रेट सभागार में अभियान का शुभारंभ किया गया था। इस दौरान जनप्रतिनिधियों और अधिकारियों ने टीबी मुक्त भारत का संकल्प लिया था।
जिले के 15 विकासखंडों और 20 शहरी क्षेत्रों में जोश टीमें बनाई गई हैं। प्रत्येक टीम में एक नोडल अधिकारी, पांच एनसीसी कैडेट और पांच माई भारत वालंटियर शामिल किए गए हैं। विकासखंड स्तर पर खंड विकास अधिकारियों को नोडल अधिकारी बनाया गया है। सदर क्षेत्र में अपर नगर आयुक्त और नगर पालिका व नगर पंचायत क्षेत्रों में अधिशासी अधिकारियों को जिम्मेदारी सौंपी गई है।
टीम के सदस्य गांवों और शहरी वार्डों में जाकर लोगों को टीबी के लक्षण, बचाव और उपचार की जानकारी दे रहे हैं। संभावित मरीजों को जांच के लिए प्रेरित करने के साथ ही पॉजिटिव मिलने वालों को इलाज से जोड़ने और दवा का पूरा कोर्स कराने के लिए जागरूक किया जा रहा है।
