नसीम दुर्रानी बुलंदशहर UP में पुलिस मुठभेड़ में ढेर, नोएडा STF और दिल्ली पुलिस की कार्रवाई, समीर हत्याकांड में था फरार

# ## National

 उत्तर प्रदेश के बुलंदशहर जनपद में नोएडा एसटीएफ और दिल्ली पुलिस की संयुक्त टीम के साथ हुई मुठभेड़ में डी-कंपनी से जुड़ा कुख्यात अपराधी नसीम दुर्रानी मारा गया। पुलिस को लंबे समय से उसकी तलाश थी। मुठभेड़ के दौरान नसीम दुर्रानी और पुलिस बल के बीच कई राउंड फायरिंग हुई। जवाबी कार्रवाई में नसीम को कई गोलियां लगीं, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गया। पुलिस टीम उसे तत्काल नजदीकी अस्पताल लेकर पहुंची, जहां उपचार के दौरान चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया।

छोटा शकील के संपर्क में था बदमाश, छोटा राजन की सुपारी लेने का भी आरोप

पुलिस रिकॉर्ड के अनुसार नसीम दुर्रानी का नाम कई गंभीर आपराधिक प्रकरणों में शामिल रहा था और वह अंडरवर्ल्ड डॉन छोटा शकील के लगातार संपर्क में था। जानकारी के मुताबिक छोटा शकील ने उसे छोटा राजन की हत्या करने की सुपारी भी दी थी। इसके अतिरिक्त उस पर पाकिस्तानी मूल के लेखक तारिक फतेह की हत्या की साजिश रचने का भी आरोप रहा है।

दर्ज थे 25 से अधिक मुकदमे

नसीम दुर्रानी दिल्ली के चर्चित समीर हत्याकांड में फरार चल रहा था। आरोप है कि उसने कपिल मिश्रा के कार्यालय के बाहर समीर नामक युवक पर 15 से 20 राउंड फायरिंग कर उसकी गोली मारकर हत्या कर दी थी। पुलिस के मुताबिक नसीम दुर्रानी के खिलाफ हत्या, हत्या के प्रयास और लूट जैसी संगीन धाराओं में कुल 25 से अधिक आपराधिक मामले दर्ज थे।