लखनऊ। सरोजनीनगर विधायक डॉ. राजेश्वर सिंह के नेतृत्व में सरोजनीनगर परिवार ने भारतीय जनता पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नबीन के प्रथम उत्तर प्रदेश आगमन पर ऐतिहासिक स्वागत किया। इस अवसर पर भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष पंकज चौधरी भी उपस्थित रहे। भव्य रोड शो के दौरान हजारों कार्यकर्ताओं, किसानों और स्थानीय नागरिकों ने पुष्पवर्षा कर राष्ट्रीय अध्यक्ष का अभिनंदन किया। पूरे मार्ग पर संगठन की एकजुटता और जनसमर्थन का अभूतपूर्व दृश्य देखने को मिला।

- 2027 में फिर खिलेगा कमल, उत्तर प्रदेश बनेगा उत्तम प्रदेश : नितिन नबीन
अपने संबोधन में राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नबीन ने कहा कि पिछली बार की तुलना में इस बार किसानों और आमजन का जो अपार स्नेह और विश्वास मिला है, वह वर्ष 2027 में उत्तर प्रदेश में पुनः कमल खिलने का स्पष्ट संकेत है। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के नेतृत्व में डबल इंजन सरकार ने प्रदेश को विकास, सुशासन और जनकल्याण की नई दिशा दी है। काशी, अयोध्या और मथुरा सहित पूरा प्रदेश विकास और सांस्कृतिक पुनर्जागरण का साक्षी बन रहा है।

- राष्ट्रीय अध्यक्ष का नेतृत्व संगठन को देगा नई ऊर्जा : डॉ. राजेश्वर सिंह
राष्ट्रीय अध्यक्ष के संबोधन पर प्रतिक्रिया व्यक्त करते हुए डॉ. राजेश्वर सिंह ने कहा कि नितिन नबीन के शब्द प्रदेश के अन्नदाताओं, कार्यकर्ताओं और करोड़ों नागरिकों की आकांक्षाओं का प्रतिबिंब हैं। उन्होंने कहा कि उत्तर प्रदेश को उत्तम प्रदेश बनाने का संकल्प भाजपा के प्रत्येक कार्यकर्ता का संकल्प है और राष्ट्रीय अध्यक्ष के नेतृत्व में संगठन को नई दिशा और नई गति मिलेगी। सेवा, सुशासन और राष्ट्र प्रथम की भावना के साथ प्रत्येक कार्यकर्ता पूरी निष्ठा से जनसेवा के लिए समर्पित है।
- सरोजनीनगर परिवार और कार्यकर्ताओं का जताया आभार
डॉ. राजेश्वर सिंह ने कार्यक्रम को सफल बनाने के लिए सरोजनीनगर परिवार, मंडल अध्यक्षों, शक्ति केंद्र एवं बूथ स्तर के कार्यकर्ताओं, वरिष्ठ पदाधिकारियों, जनप्रतिनिधियों तथा स्थानीय नागरिकों का आभार व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि राष्ट्रीय अध्यक्ष का प्रथम उत्तर प्रदेश प्रवास संगठन में नई ऊर्जा और उत्साह का संचार करेगा तथा सरोजनीनगर परिवार प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नबीन और मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के नेतृत्व में सेवा, संगठन, सुशासन और ‘राष्ट्र प्रथम’ के संकल्प के साथ विकसित भारत के निर्माण के लिए निरंतर कार्य करता रहेगा।
