गोरखपुर मेंबुधावर को भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) की ‘लोकतंत्र बचाओ, अराजकता हटाओ’ पदयात्रा के दौरान मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने कहा कि यह यात्रा केवल भाजपा की नहीं, बल्कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के विकसित भारत के विजन को साकार करने का अभियान है। उन्होंने कहा कि भारत का लोकतंत्र जितना सशक्त होगा, देश उतनी ही तेजी से आत्मनिर्भर और विकसित राष्ट्र बनने के संकल्प की ओर आगे बढ़ेगा।
ईवीएम और एसआईआर को लेकर विपक्ष पर निशाना
सीएम योगी ने कांग्रेस और उसके गठबंधन पर निशाना साधते हुए कहा कि चुनाव जीतने पर सब कुछ ठीक रहता है, लेकिन हारने पर ईवीएम को दोषी ठहराया जाता है। उन्होंने कहा कि कांग्रेस के शासनकाल में भी एसआईआर (SIR) की प्रक्रिया होती थी, लेकिन आज विपक्ष इस मुद्दे को लेकर अराजकता फैलाने का काम कर रहा है।
लोकतंत्र बचाने का जनजागरण अभियान: पंकज चौधरी
इस मौके पर भाजपा प्रदेश अध्यक्ष पंकज चौधरी ने कहा कि यह आयोजन केवल राजनीतिक सभा नहीं, बल्कि देश के लोकतंत्र को बचाने और अराजकता के खिलाफ जनजागरण का महाअभियान है। उन्होंने आरोप लगाया कि विपक्षी गठबंधन लोगों को गुमराह करने का प्रयास कर रहा है। पंकज चौधरी ने कहा कि विपक्षी दल चुनाव हारने पर ईवीएम पर सवाल उठाते हैं और कभी संवैधानिक संस्थाओं को बदनाम करने का प्रयास करते हैं। उन्होंने कहा कि भारत लोकतांत्रिक व्यवस्था से चलता है और लोकतंत्र की गरिमा बनाए रखना सभी की जिम्मेदारी है।
दयाशंकर सिंह का अखिलेश पर हमला, बोले- जनता कर चुकी है नकार
उत्तर प्रदेश सरकार में मंत्री दयाशंकर सिंह ने कांग्रेस पर निशाना साधते हुए कहा कि कांग्रेस खुद लोकतंत्र की हत्यारी पार्टी है। उसने आपातकाल लगाकर लोगों को जेल भेजा और संविधान की धज्जियां उड़ाईं। उन्होंने आरोप लगाया कि राहुल गांधी समय-समय पर लोकतंत्र का मजाक उड़ाते हैं, जिससे लोकतांत्रिक व्यवस्था कमजोर होती है। इसी के विरोध में भाजपा की ओर से पदयात्रा निकाली जा रही है। सपा प्रमुख अखिलेश यादव के बयान पर प्रतिक्रिया देते हुए दयाशंकर सिंह ने कहा कि अखिलेश यादव को राजनीति विरासत में मिली है। वर्ष 2012 में मुलायम सिंह यादव ने उन्हें मुख्यमंत्री बनाया था। इसके बाद से वह लगातार चुनाव हार रहे हैं। उन्होंने दावा किया कि जनता अखिलेश यादव को नकार चुकी है।
