जमीन पर कब्जा नहीं मिला तो पानी की टंकी पर चढ़ी महिला, घंटो चला हाइवोल्टेज ड्रामा, पुलिस-प्रशासन के फूले हाथ-पैर

# ## Lucknow

जमीन का बैनामा कराने के बाद भी जब कब्जा नहीं मिला तो एक महिला का गुस्सा इस कदर फूट पड़ा कि वह विरोध जताने के लिए जल जीवन मिशन की पानी की टंकी पर चढ़ गई। बुधवार को असंद्रा थाना क्षेत्र के गैरिया गांव में बुधवार को उस समय हड़कंप मच गया, जब जमीन पर कब्जा न मिलने से नाराज एक महिला जल जीवन मिशन के तहत बनी पानी की टंकी पर चढ़ गई। महिला को टंकी पर चढ़ा देख गांव में अफरा-तफरी मच गई और मौके पर ग्रामीणों की भीड़ जुट गई।

सूचना पर पहुंची पुलिस और राजस्व विभाग की टीम ने काफी देर तक महिला को नीचे उतारने का प्रयास किया। घंटो मान मनौव्वल का यह हाईवोल्टेज ड्रामा चला। जिसके बाद आखिरकार तहसीलदार के जमीन की तत्काल पैमाइश कराने के आश्वासन पर महिला नीचे उतरी।

बैनामा कराने के बाद भी नहीं मिला जमीन पर कब्जा

गैरिया गांव निवासी संगीता पत्नी विक्रम का आरोप है कि उन्होंने एक जमीन का बैनामा कराया था, लेकिन इसके बावजूद उन्हें अब तक जमीन पर कब्जा नहीं मिल सका है। काफी समय से इस समस्या का समाधान न होने से परेशान होकर बुधवार को उन्होंने जल जीवन मिशन की पानी की टंकी पर चढ़कर विरोध जताया।

पुलिस और राजस्व टीम के समझाने पर भी नहीं मानी महिला

घटना की सूचना मिलते ही डायल 112 पुलिस और असंद्रा थाने की पुलिस मौके पर पहुंच गई। महिला को सुरक्षित नीचे उतारने के प्रयास शुरू किए गए। इसके बाद राजस्व निरीक्षक श्रीनिवास त्रिवेदी, लेखपाल समेत राजस्व विभाग के अन्य कर्मचारी भी मौके पर पहुंचे। अधिकारियों ने महिला को जमीन की पैमाइश कराने का भरोसा दिलाया, लेकिन वह नीचे उतरने को तैयार नहीं हुई।

तहसीलदार के आश्वासन पर टंकी से उतरी संगीता

मामले की गंभीरता को देखते हुए तहसीलदार शशांक उपाध्याय भी मौके पर पहुंचे। उन्होंने महिला को जमीन की पैमाइश तत्काल कराने का आश्वासन दिया। इसके बाद संगीता पानी की टंकी से नीचे उतर आईं। महिला के सुरक्षित नीचे उतरने पर पुलिस और प्रशासनिक अधिकारियों ने राहत की सांस ली। इस दौरान असंद्रा कोतवाली प्रभारी निरीक्षक अनिल सिंह पुलिस बल के साथ मौजूद रहे।