प्रयागराज में छाया घना कोहरा, अभी और ठंड झेलने को तैयार रहे लोग

Prayagraj Zone

(www.arya-tv.com) मौसम में ठंड का तेज असर वैसे ही था, अब कोहरे ने और भी बढ़ा दी है। सोमवार की सुबह से वातावरण में घना कोहरा छाया रहा। न केवल प्रयागराज में बल्कि आसपास के जिलों प्रतापगढ़ और कौशांबी में भी कोहरे का असर रहा। कोहरे ने गलन को और बढ़ा दिया है। मौसम विभाग ने पूर्व में ही अनुमान कोहरे का जताया था। साथ ही अभी और ठंड झेलने के लिए लोगों को तैयार रहना होगा।

यूं तो रविवार की रात से ही हल्‍का कोहरा वातावरण में दिखा लेकिन सुबह घना हो गया। शहर में भी वाहन चालकों को लाइट जलाकर सड़कों पर चलना पड़ा। वहीं शहर के बाहर खुले इलाकों में कोहरा और घना रहा। हाईवे पर धीरे-धीरे वाहनों की लाइट जलाकर चालक आगे बढ़ते रहे। कई चालकों ने तो वाहन रोक दिया। क्‍योंकि उन्‍हें आगे कुछ दिखाई नहीं दे रहा था।

रविवार को सुबह और रात में तो कड़ाके की ठंड थी लेकिन दोपहर में धूप के कारण राहत मिली थी। वहीं आज ऐसा नहीं लगता कि दोपहर में खिलकर धूप निकलेगी। मौसम विभाग की सूचना के अनुसार प्रयागराज में आज सोमवार को अधिकतम तापमान 25.0 डिग्री सेल्सियस और न्‍यूनतम तापमान 10.4 डिग्री सेल्सियस रिकार्ड किया गया।

कौशांबी जनपद को घने कोहरे ने अपनी आगोश में लपेट लिया। वहीं कई स्‍कूल खुले होने से बच्‍चों को कोहरे में दिक्‍कत हुई। कांपते हुए कोहरे के बीच बच्‍चे स्‍कूल जाते दिखे। यही हाल प्रतापगढ़ में भी था। घने कोहरे ने जनजीवन अस्‍त-व्‍यस्‍त कर दिया। अलाव जलाकर लोग अपने शरीर को गर्म करने का प्रयास करते दिखे। अधिकांश लोग घरों में ही कैद रहे। दैनिक मजदूरों और गरीबों के लिए भी यह मौसम कष्‍टकारी है।