संग्रामगढ़ मेले में दुकानदारों से अवैध वसूली : सांसद प्रमोद तिवारी ने खोला मोर्चा; प्रतापगढ़ में दो सिपाही लाइन हाजिर

# ## Prayagraj Zone

प्रतापगढ़ के संग्रामगढ़ बाजार में लगने वाले पारंपरिक मेले में दुकानदारों से कथित अवैध वसूली का मामला सामने आने से पुलिस महकमे में हलचल मच गई है। आरोप है कि मेले में दुकान लगाने पहुंचे व्यापारियों से पुलिस के दो सिपाहियों ने 500 रुपये से लेकर 11 हजार रुपये तक वसूले। मामला सामने आने के बाद राज्यसभा सांसद प्रमोद तिवारी ने कड़ा रुख अपनाते हुए पुलिस अधीक्षक दीपक भूकर को पत्र लिखकर दोनों पुलिसकर्मियों के खिलाफ एफआईआर दर्ज कराने और सख्त कार्रवाई की मांग की है। पत्र पर रामपुरखास की कांग्रेस विधायक एवं प्रदेश अध्यक्ष आराधना मिश्रा मोना के भी हस्ताक्षर हैं।

सांसद प्रमोद तिवारी ने एसपी को लिखे पत्र में बताया कि संग्रामगढ़ बाजार में पिछले 60 से 70 वर्षो से पारंपरिक मेला लगता आ रहा है। इस मेले में दूर-दराज से व्यापारी पहुंचकर अपनी दुकानें लगाते हैं। उनका आरोप है कि अब तक दुकानदारों से इस तरह की कोई वसूली नहीं की जाती थी, लेकिन इस बार थाने में तैनात आरक्षी चालक अमित सिंह और आरक्षी विवेक मिश्रा ने कथित तौर पर दुकानदारों से जबरन पैसे वसूले।

तीन दिनों तक चलती रही कथित वसूली

सांसद के मुताबिक, दोनों पुलिसकर्मियों ने लगातार तीन दिनों तक मेले में खुलेआम दुकानदारों से 500 रुपये से लेकर 11 हजार रुपये तक की वसूली की। उन्होंने इस घटना को शर्मनाक बताते हुए कहा कि इस तरह की हरकतों से पुलिस विभाग की छवि खराब होती है और व्यापारियों में भय का माहौल बनता है। उन्होंने यह भी आरोप लगाया कि दोनों पुलिसकर्मियों पर इससे पहले हथिगवां थाने में तैनाती के दौरान भी इसी तरह की वसूली के आरोप लग चुके हैं।

एसपी की कार्रवाई, दोनों सिपाही लाइन हाजिर

मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस अधीक्षक ने दोनों आरोपी सिपाहियों को लाइन हाजिर कर दिया है। अपर पुलिस अधीक्षक पश्चिमी बृजनंदन राय ने बताया कि शिकायत मिलने के बाद तत्काल कार्रवाई करते हुए दोनों पुलिसकर्मियों को लाइन हाजिर किया गया है। प्रकरण की जांच क्षेत्राधिकारी लालगंज को सौंपी गई है। इसके साथ ही दोनों के खिलाफ विभागीय जांच भी शुरू कर दी गई है। अब जांच में सामने आने वाले तथ्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।