कानपुर सेंट्रल स्टेशन पर मिलीं दो नाबालिग : घर से नाराज होकर बिना बताए निकली थीं दोनों बहनें

# ## Kanpur Zone

परिजनों की डांट से नाराज होकर घर से निकलीं दो नाबालिग बालिकाओं को जीआरपी ने कानपुर सेंट्रल रेलवे स्टेशन पर सकुशल बरामद कर लिया। ऑपरेशन मुस्कान के तहत की गई इस कार्रवाई के बाद दोनों बालिकाओं को उनके परिजनों के सुपुर्द कर दिया गया। बच्चियों के सुरक्षित मिलने से परिवारों ने राहत की सांस ली और जीआरपी पुलिस की तत्परता की सराहना की।

पुलिस उपाधीक्षक शेषमणि उपाध्याय के दिशा-निर्देश पर प्रभारी निरीक्षक ओम नारायण सिंह के नेतृत्व में जीआरपी टीम स्टेशन पर चेकिंग कर रही थी। इस दौरान प्लेटफॉर्म, सर्कुलेटिंग एरिया, टिकट घर और यात्री प्रतीक्षालय में निगरानी की जा रही थी। तभी प्लेटफॉर्म पर दो नाबालिग बालिकाएं बैठी दिखाई दीं। उनकी गतिविधियां संदिग्ध लगने पर पुलिसकर्मियों ने उनसे पूछताछ की।

पूछताछ में बालिकाओं ने अपनी पहचान मुस्कान (काल्पनिक नाम), उम्र करीब 16 वर्ष और सुमन (काल्पनिक नाम), उम्र करीब 15 वर्ष, निवासी रेहारी, थाना चंदवक, जिला जौनपुर के रूप में बताई। दोनों ने बताया कि घर में परिजनों की डांट से नाराज होकर वे बिना बताए निकल आई थीं।

महिला हेल्प डेस्क पर दी गई सुरक्षा

जीआरपी टीम ने दोनों बालिकाओं को महिला हेड कांस्टेबल विपिन यादव की मौजूदगी में महिला हेल्प डेस्क पर सुरक्षित बैठाया। इसके बाद उनके परिजनों को सूचना दी गई। जानकारी मिलते ही परिजन जीआरपी थाना कानपुर सेंट्रल पहुंचे, जहां पुलिस ने आवश्यक कार्रवाई के बाद दोनों बालिकाओं को उनके सुपुर्द कर दिया। बच्चियों को सकुशल पाकर परिजनों ने जीआरपी पुलिस की तत्परता, कर्तव्यनिष्ठा और मानवीय संवेदनशीलता की सराहना की। ऑपरेशन मुस्कान के तहत हुई इस कार्रवाई से दो परिवारों को बड़ी राहत मिली।