बीबीएयू में जेंडर चैंपियन के चुनाव के लिए कमेटी का गठन

Education
(arya tv lko)बाबासाहेब भीमराव अंबेडकर विश्वविद्यालय, लखनऊ द्वारा महिला एवं बाल विकास मंत्रालय के निर्देश से सत्र 2019-20 के लिए ‘जेंडर चैंपियन’  का चुनाव किया जा रहा है। जेंडर चैंपियन के चुनाव के लिए कमेटी का गठन किया गया है  जिसकी अध्यक्षा  प्रो0 शिल्पी वर्मा, समन्वयक डॉ0 रचना गंगवार, सदस्य डॉ0 जया श्रीवास्तव, डॉ0 यू0 वी0 किरण, डॉ0 संध्या, डॉ0 नमिता जैसल, डॉ0 सुभाष मिश्रा, डॉ0 विनीत कुमार द्वारा विभिन्न प्रतियोगिताओं का आयोजन किया गया। विभिन्न प्रतियोगिताओं के मूल्यांकन के आधार पर जेंडर चैंपियन का चुनाव किया जाएगा।
जेंडर चैंपियन के चुनाव के लिए तीन प्रतियोगिताओं का आयोजन किया गया । सबसे पहले निबंध प्रतियोगिता हुई जिसमें दो विषय ‘उच्च शिक्षा में लैंगिक समानता की उन्नति’ या ‘आधुनिक भारत में लैंगिक विभेद और महिला सशक्तिकरण’ दिए गए। प्रतिभागियों को किसी एक विषय पर निबंध लिखना था । उसके बाद एक्सटेंपोर कंपटीशन हुआ जिसमें ‘पितृसत्ता को समाप्त करने के लिए संस्थानों के प्रयास, महिला और पुरुष का व्यवहार एक सामाजिक सत्व है जैविक नहीं, व्यवसाय में आना महिलाओं के लिए चुनौती या अवसर, सतत विकास और लिंग समानता के बीच संबंध, पुरुष शिकायत सेल की आवश्यकता, लैंगिक साम्यता समानता की ओर, खेलकूद में महिलाओं की भागीदारी, पारिश्रमिक में अंतर’ में से किसी भी एक विषय पर प्रतिभागी को अपने विचार रखने थे । इसके लिए विद्यार्थियों को कुल 4 मिनट का समय दिया गया। अंत में  ‘क्या परंपरागत लैंगिक भूमिका प्रत्याशा तत्कालीन समाज के लिए सही’ विषय पर ग्रुप डिस्कशन हुआ ।
जेंडर चैंपियन चुनने के लिए बनी कमेटी द्वारा सभी प्रतियोगिताओं में प्रदर्शन के आधार पर मूल्यांकन किया गया है । जिस भी विद्यार्थी का सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन होगा वह जेंडर चैंपियन चुना जाएगा। प्रतियोगिता की परिणाम जल्द ही घोषित किए जाएंगे।
त्रैमासिक प्रगति रिपोर्ट के आधार पर जेंडर चैंपियंस का आकलन उसकी दक्षता और उपलब्धि के स्तर के अनुसार किया जाएगा। इन त्रैमासिक रिपोर्टों का मूल्यांकन उनके / उसके प्रदर्शन को मापने के लिए उनके/उसके कार्यकाल के अंत में किया जाएगा। जेंडर चैंपियंस को लैंगिक समानता को बढ़ावा देने के लिए उनके प्रयासों के लिए संस्थान प्रमुख द्वारा सराहना  प्रमाण पत्र से सम्मानित किया जाएगा।
महिला एवं बाल विकास मंत्रालय ने देश भर के स्कूलों और कॉलेजों द्वारा जेंडर चैंपियंस के चयन के लिए दिशानिर्देश जारी किए हैं।
जेंडर चैंपियंस के लिए उस विद्यार्थी का चुनाव किया जाएगा जो स्कूलों/कॉलेजों/शैक्षणिक संस्थानों में एक ऐसे वातावरण का निर्माण करने में सक्षम हो जहां लड़कियों/महिलाओं से गरिमा और सम्मान के साथ व्यवहार/आचरण किया जाये। इसका उद्देश्य युवाओं को जेंडर के प्रति संवेदनशील बनाना और सकारात्मक सामाजिक मानदंडों का निर्माण करना है जो लड़कियों/महिलाओं और उनके अधिकारों को सम्मान एवं महत्व देते हैं।