बल्दीराय थाना क्षेत्र में सड़क किनारे खड़ा एक ट्रक रहस्यमय परिस्थितियों में गायब हो गया। इंजन गर्म होने पर चालक ट्रक खड़ा कर मिस्त्री बुलाने गया था। करीब डेढ़ घंटे बाद लौटा तो ट्रक मौके से गायब मिला। काफी खोजबीन के बाद भी पता नहीं चलने पर वाहन मालिक ने पुलिस से शिकायत की। सुनवाई नहीं होने का आरोप लगाते हुए उसने न्यायालय का दरवाजा खटखटाया। इसके बाद मामले में मुकदमा दर्ज कर विवेचना शुरू की गई।
अमेठी जिले के मुसाफिरखाना थाना क्षेत्र के पलिया पूरब निवासी हरित प्रकाश सिंह के अनुसार, उनका ट्रक आठ जून 2026 की रात करीब दस बजे पारा बाजार से सुलतानपुर शहर की ओर जा रहा था। सुरेश नगर चौराहे से करीब 400 मीटर पहले ट्रक का इंजन गर्म हो गया। चालक वाहन सड़क किनारे खड़ा कर वल्लीपुर बाजार मिस्त्री बुलाने चला गया। रात होने के कारण कोई मिस्त्री ट्रक ठीक करने को तैयार नहीं हुआ।
करीब डेढ़ घंटे बाद चालक वापस लौटा तो ट्रक वहां नहीं था।वाहन मालिक का कहना है कि ट्रक की काफी तलाश की गई, लेकिन कोई जानकारी नहीं मिली।आरोप है कि बल्दीराय थाने में शिकायत देने के बावजूद प्राथमिकी दर्ज नहीं की गई। इसके बाद 11 जून को पुलिस अधीक्षक को रजिस्टर्ड डाक से प्रार्थना पत्र भेजा, लेकिन कार्रवाई नहीं होने पर न्यायालय में प्रार्थना पत्र दिया। बल्दीराय थाना प्रभारी ने बताया कि मुकदमा दर्ज कर मामले की विवेचना उपनिरीक्षक ज्ञानेश दूबे को सौंपी गई है।
