राजधानी लखनऊ में रेस्टोरेंट कारोबारी शिवा शर्मा की मौत के मामले में उनकी लिव-इन पार्टनर श्रद्धा दुबे को लेकर कई दावे सामने आए हैं। सोशल मीडिया पर दोनों की कथित व्हाट्सएप चैट और ऑडियो रिकॉर्डिंग वायरल हो रही हैं। इनमें सिगरेट लाने में देरी, आपसी विवाद और पुलिस में शिकायत करने की बात को लेकर बहस सुनाई देने का दावा किया जा रहा है, हालांकि वायरल आडियो और चैट की पुष्टी अमृत विचार नहीं करता है। वहीं, पुलिस श्रद्धा दुबे और अन्य आरोपियों की तलाश में जुटी है।
28 वर्षीय शिवा शर्मा लखनऊ में दो कैफे और चिकन के कपड़ों के कारोबार से जुड़े थे। उनकी मां रंजना शर्मा ने आरोप लगाया है कि बेटे के साथ रिश्ते के दौरान मारपीट की गई और उसे निजी वीडियो प्रसारित कर बदनाम करने की धमकी दी जा रही थी। मामले में दर्ज एफआईआर में श्रद्धा दुबे, उसकी बहन रश्मि, दानिश नाम के ड्राइवर, आदिल नाम के एक साथी और अन्य अज्ञात लोगों को आरोपी बनाया गया है। इन आरोपों की पुष्टि जांच के बाद ही हो सकेगी।
सिगरेट लाने में देरी पर बहस का दावा
सोशल मीडिया पर वायरल एक कथित कॉल रिकॉर्डिंग में शिवा शर्मा और श्रद्धा दुबे के बीच सिगरेट लाने में देरी को लेकर बहस सुनाई देने का दावा किया जा रहा है। रिकॉर्डिंग में श्रद्धा शिवा पर चोरी करने और उन्हें घर में बंद करके चले जाने का आरोप लगाती सुनाई देती हैं। वह पुलिस में शिकायत करने और अपने साथ हुए व्यवहार को लोगों के सामने रखने की बात भी कहती हैं।
रिकॉर्डिंग में शिवा इन आरोपों से इनकार करते सुनाई देते हैं। वह कहते हैं कि उन्होंने श्रद्धा को बंद करके नहीं छोड़ा था, बल्कि दोस्तों से मिलने गए थे। एक अन्य कथित रिकॉर्डिंग में दोस्त की पार्टी में जाने को लेकर दोनों के बीच बहस होने की बात सामने आई है। हालांकि, वायरल ऑडियो की प्रामाणिकता और उसकी पूरी परिस्थितियों की स्वतंत्र पुष्टि नहीं हुई है।
व्हाट्सएप चैट में भी रिश्ते को लेकर तनाव के संकेत
शिवा शर्मा और श्रद्धा दुबे के बीच कथित व्हाट्सएप चैट भी सोशल मीडिया पर साझा की जा रही है। इसमें श्रद्धा की ओर से शिवा के व्यवहार में बदलाव और रिश्ते में इस्तेमाल किए जाने को लेकर नाराजगी जताने वाले संदेश दिखाई देने का दावा है। शिवा जवाब में कहते हैं कि उनके व्यवहार या प्यार में कमी नहीं आई है और वह कुछ परेशानियों से गुजर रहे हैं।
इन संदेशों को लेकर सोशल मीडिया पर अलग-अलग प्रतिक्रियाएं सामने आ रही हैं। हालांकि, केवल कथित चैट या चुनिंदा ऑडियो के आधार पर घटना की पूरी वजह या किसी व्यक्ति की भूमिका का निष्कर्ष निकालना उचित नहीं होगा। इनकी जांच और संदर्भ का सत्यापन महत्वपूर्ण है।
छह महीने पहले हुई थी मुलाकात, चार महीने से साथ रहने का दावा
शिवा की मां रंजना शर्मा के मुताबिक, उनके बेटे और श्रद्धा दुबे की मुलाकात करीब छह महीने पहले लखनऊ के एक क्लब में हुई थी। उन्होंने दावा किया कि दोनों पिछले चार महीने से श्रद्धा के फ्लैट में साथ रह रहे थे। मां का आरोप है कि शादी की चर्चा शुरू होने के बाद रिश्ते में तनाव बढ़ गया था। उन्होंने यह भी आरोप लगाया कि श्रद्धा उनके बेटे को चोरी के मामले में फंसाने की धमकी दे रही थी। शिवा की मौत श्रद्धा के फ्लैट से गिरने के बाद हुई थी। इस मामले में परिजनों ने गंभीर आरोप लगाए हैं और पुलिस में शिकायत दर्ज कराई है। घटना की परिस्थितियों तथा आरोपों की सच्चाई जांच के बाद ही स्पष्ट हो सकेगी।
श्रद्धा और अन्य आरोपियों की तलाश में दबिश
पुलिस श्रद्धा दुबे, उसकी बहन रश्मि दुबे और अन्य आरोपियों की तलाश में दबिश दे रही है। उपलब्ध जानकारी के मुताबिक, पुलिस ने श्रद्धा और उसकी बहन के बारे में सूचना देने वाले को 25 हजार रुपये का इनाम देने की घोषणा की है।
इस बीच सोशल मीडिया पर एक ऑडी कार के इस्तेमाल और श्रद्धा के नेपाल पहुंचने के दावे भी किए जा रहे हैं। हालांकि, इन दावों की आधिकारिक पुष्टि सामने नहीं आई है। ऐसे में यह स्पष्ट नहीं है कि श्रद्धा नेपाल गई है या नहीं। पुलिस की जांच और आधिकारिक बयान से ही उसकी लोकेशन तथा मामले से जुड़े अन्य तथ्यों की पुष्टि हो सकेगी।
