गुरु के सम्मान में सजा आर्यकुल कॉलेज, सांस्कृतिक प्रस्तुतियों और ‘हनुमान अंश’ फिल्म के प्रदर्शन के साथ मनाया शिक्षक दिवस

Lucknow
  • विद्यार्थियों ने गीत, नृत्य, शायरी और भाषण के जरिए शिक्षकों के प्रति जताया सम्मान

लखनऊ, 5 सितंबर 2026। शिक्षक दिवस के अवसर पर आर्यकुल कॉलेज ऑफ एजुकेशन में विद्यार्थियों ने अपने गुरुजनों के सम्मान में विविध सांस्कृतिक कार्यक्रमों का आयोजन किया। कार्यक्रम में गुरु-शिष्य परंपरा, संस्कार और नैतिक मूल्यों की महत्ता को रेखांकित किया गया। विद्यार्थियों की प्रस्तुतियों से पूरा परिसर उत्साह और उल्लास से भर गया।

  • सरस्वती वंदना से हुई कार्यक्रम की शुरुआत

कार्यक्रम का शुभारंभ शिक्षकों के स्वागत, राष्ट्रगान और सरस्वती पूजन के साथ हुआ। मल्लिका ने सरस्वती वंदना पर मनमोहक नृत्य प्रस्तुत किया। इसके बाद विद्यार्थियों ने गीत, नृत्य और अन्य रचनात्मक प्रस्तुतियों के माध्यम से शिक्षकों के प्रति अपनी भावनाएं व्यक्त कीं।

अंचल और तनिशा का युगल नृत्य तथा आदर्श कुमार की गायन प्रस्तुति विशेष आकर्षण रही। मल्लिका, सानिया, खुशी और सुखमनी ने समूह नृत्य प्रस्तुत किया। नेहा वर्मा ने शायरी के माध्यम से शिक्षकों के प्रति सम्मान व्यक्त किया। वहीं नेहा पांडेय, आशीष यादव और अनमोल ने भाषण के जरिए शिक्षक की भूमिका और महत्व पर प्रकाश डाला। सभी प्रस्तुतियों को शिक्षकों एवं अतिथियों ने सराहा।

  • शिक्षकों को किया सम्मानित

सांस्कृतिक कार्यक्रमों के बाद कॉलेज की ओर से शिक्षकों को उनकी सेवाओं के लिए सम्मानित किया गया। इसके बाद शिक्षकों के लिए ‘हनुमान अंश’ फिल्म का विशेष प्रदर्शन किया गया। फिल्म में भारतीय संस्कृति, साहस, कर्तव्य, संस्कार और जीवन मूल्यों से जुड़े संदेशों को प्रभावी ढंग से प्रस्तुत किया गया।

  • शिक्षक चरित्र निर्माण के मार्गदर्शक : डॉ. सशक्त सिंह

आर्यकुल ग्रुप ऑफ कॉलेजेज के निदेशक डॉ. सशक्त सिंह ने विद्यार्थियों और शिक्षकों को शिक्षक दिवस की शुभकामनाएं दीं। उन्होंने कहा कि शिक्षक विद्यार्थियों के चरित्र निर्माण, व्यक्तित्व विकास और जीवन को सही दिशा देने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं। उन्होंने विद्यार्थियों से अनुशासन, संस्कार, मेहनत और सकारात्मक सोच को जीवन का हिस्सा बनाने का आह्वान किया।

कार्यक्रम में रजिस्ट्रार सुदेश कुमार तिवारी, डॉ. अब्दुल रब खान, डॉ. अजय शुक्ला, डॉ. गौरव मिश्र, डॉ. रेखा सिंह, प्रणव पाण्डेय, संगीता मौर्या और वत्सल श्रीवास्तव सहित शिक्षक एवं स्टाफ सदस्य उपस्थित रहे। कार्यक्रम उत्साह और सौहार्दपूर्ण वातावरण में संपन्न हुआ।