डॉ. राजेश्वर सिंह : 21वीं सदी की राजनीति में जाति-धर्म नहीं, शिक्षा, रोजगार और विकास को मिले प्राथमिकता

Lucknow
  • 21वीं सदी की राजनीति में जाति-धर्म नहीं, शिक्षा, रोजगार और विकास को मिले प्राथमिकता : डॉ. राजेश्वर सिंह
  • पहचान आधारित राजनीति से आगे बढ़कर युवाओं के भविष्य, समान अवसर और राष्ट्रीय एकता पर केंद्रित हो राजनीति : डॉ. राजेश्वर सिंह

लखनऊ। सरोजनीनगर विधायक डॉ. राजेश्वर सिंह ने 21वीं सदी की राजनीति में जाति और धर्म आधारित गोलबंदी के बजाय शिक्षा, रोजगार, निवेश और विकास को प्राथमिकता देने की आवश्यकता पर जोर दिया। उन्होंने समाजवादी पार्टी की PDA राजनीति सहित AIMIM और आज़ाद समाज पार्टी (कांशीराम) की पहचान आधारित राजनीति पर सवाल उठाते हुए कहा कि राजनीति का उद्देश्य समाज को जाति और धर्म के आधार पर बांटना नहीं, बल्कि देश को विकास और राष्ट्रीय एकता के सूत्र में जोड़ना होना चाहिए।

  • जाति-धर्म के दायरों से बाहर निकलें, युवाओं को दें अवसर

डॉ. सिंह ने कहा कि आज का युवा वैश्विक स्तर पर प्रतिस्पर्धा करने की क्षमता रखता है। उसे जाति और धर्म के आधार पर पहचान नहीं, बल्कि बेहतर शिक्षा, आधुनिक तकनीक, कौशल विकास और रोजगार के अवसर चाहिए। सामाजिक न्याय और समान अवसर महत्वपूर्ण हैं, लेकिन युवाओं की आकांक्षाओं को जातिगत और धार्मिक खांचों तक सीमित नहीं किया जाना चाहिए। प्रत्येक बच्चे को आगे बढ़ने का समान अवसर मिले और प्रतिभा एवं परिश्रम को सम्मान मिले, यही नीतियों का मूल उद्देश्य होना चाहिए।

  • राजनीति का केंद्र बने शिक्षा, रोजगार और आर्थिक विकास

उन्होंने कहा कि भारत की युवा आबादी देश की सबसे बड़ी शक्ति है। इस शक्ति को सही दिशा देने के लिए गुणवत्तापूर्ण शिक्षा, कौशल प्रशिक्षण, उद्यमिता, निवेश और रोजगार सृजन पर ध्यान देना आवश्यक है। राजनीतिक विमर्श का मूल्यांकन इस आधार पर होना चाहिए कि उससे युवाओं के लिए कितने अवसर पैदा होते हैं और देश की आर्थिक प्रगति को कितनी गति मिलती है।

  • मतदाता घोषणापत्र नहीं, विकास के एजेंडे पर करें विचार

डॉ. राजेश्वर सिंह ने मतदाताओं से अपील की कि किसी भी राजनीतिक दल या PDA जैसे जाति आधारित घोषणापत्र का समर्थन करने से पहले उसके विकास एजेंडे का गंभीरता से आकलन करें। मतदान से पहले स्वयं से सवाल करें कि क्या संबंधित राजनीति बच्चों के भविष्य, युवाओं के रोजगार, समान अवसर और राष्ट्रीय एकता को मजबूत करने का स्पष्ट रोडमैप प्रस्तुत करती है? उन्होंने कहा कि लोकतंत्र में जागरूक मतदाता ही राजनीति को जवाबदेह बनाते हैं और देश की दिशा तय करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं।