जलने की गंध और धुएं की शिकायत के बाद भी नहीं रोकी बस, यात्रियों का आरोप- धूम्रपान करते रहे ड्राइवर-क्लीनर

##

उत्तर प्रदेश के ग्रेटर नोएडा में यमुना एक्सप्रेसवे पर बुधवार देर रात दिल्ली से महोबा जा रही एक स्लीपर बस में भीषण आग लग गई। हादसे में एक महिला समेत नौ यात्रियों की जलकर मौत हो गई। हादसे को लेकर दर्ज एफआईआर में चौकाने वाला खुलासा हुआ है। FIR में हादसे से पहले बस के भीतर यात्रियों द्वारा जलने की गंध महसूस किए जाने और धूम्रपान को लेकर आपत्ति जताने का जिक्र किया गया है।

घटना जेवर थाना क्षेत्र की है। हादसे के बाद पुलिस ने बस के ड्राइवर और क्लीनर को गिरफ्तार किया है। वहीं हादसे में करीब 26 यात्रियों को सुरक्षित बाहर निकाल लिया गया। पुलिस के मुताबिक बस में करीब 35 यात्री सवार थे। आग लगने के बाद पूरी बस में धुआं भर गया और कई यात्री बेहोश हो गए। उन्हें अस्पताल पहुंचाया गया, जहां उनकी हालत ठीक बताई गई है। घटना के समय कुछ यात्री सो रहे थे, जिससे उन्हें संभलने और बाहर निकलने का मौका नहीं मिल सका।

FIR में ड्राइवर और क्लीनर पर गंभीर आरोप

FIR के मुताबिक, बस के अंदर यात्रियों को जलने की गंध महसूस हो रही थी। इसी दौरान ड्राइवर और क्लीनर के धूम्रपान करने की बात सामने आई। यात्रियों ने बस के अंदर धूम्रपान करने पर आपत्ति जताई तो आरोप है कि ड्राइवर और कंडक्टर हंसने लगे और उन्हें चुप रहने की धमकी दी। इसके कुछ ही देर बाद बस में आग तेजी से फैल गई और देखते ही देखते पूरी बस आग की चपेट में आ गई। पुलिस को आशंका है कि आग बस के इंजन से शुरू हुई हो सकती है। हालांकि, आग लगने के वास्तविक कारणों की जांच की जा रही है।

शीशे तोड़कर यात्रियों को निकाला बाहर

हादसे की सूचना मिलते ही दमकल, पुलिस और जिला प्रशासन की टीमें मौके पर पहुंचीं। राहत और बचाव अभियान के दौरान बस के शीशे तोड़े गए। इसके अलावा गैस कटर की मदद से बस के हिस्सों को काटकर अंदर फंसे यात्रियों और शवों को बाहर निकाला गया। पुलिस के अनुसार कुछ मृतकों की पहचान कर ली गई है, जबकि अन्य की पहचान की प्रक्रिया जारी है। सभी मृतकों के परिजनों से संपर्क करने का प्रयास किया जा रहा है।

PM मोदी ने जताया दुख, PMNRF से मुआवजे का ऐलान

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने ग्रेटर नोएडा बस हादसे में हुई मौतों पर दुख जताया है। प्रधानमंत्री कार्यालय की ओर से जारी संदेश में मृतकों के परिजनों के प्रति संवेदना व्यक्त की गई। PMNRF से मृतकों के परिवारों को दो-दो लाख रुपये और घायलों को 50-50 हजार रुपये की अनुग्रह राशि देने की घोषणा की गई है।

राष्ट्रपति मुर्मू ने हादसे को बताया पीड़ादायक

राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू ने भी हादसे पर दुख जताया। उन्होंने कहा कि उत्तर प्रदेश में यमुना एक्सप्रेसवे पर बस में लगी आग में लोगों की मौत का समाचार अत्यंत पीड़ादायक है। उन्होंने शोक संतप्त परिजनों के प्रति गहरी संवेदना व्यक्त करते हुए घायलों के शीघ्र स्वस्थ होने की कामना की।

CM योगी ने भी किया मुआवजे का ऐलान

मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने घटना का संज्ञान लेते हुए मृतकों के परिजनों के प्रति संवेदना व्यक्त की। मुख्यमंत्री ने मृतकों के परिजनों को दो-दो लाख रुपये और घायलों को 50-50 हजार रुपये की अनुग्रह राशि देने की घोषणा की है। उन्होंने अधिकारियों को घायलों का समुचित उपचार सुनिश्चित करने और मृतकों के परिजनों को हरसंभव सहायता उपलब्ध कराने के निर्देश दिए हैं। पुलिस मामले की जांच कर रही है। हादसे के कारणों और बस में आग लगने की परिस्थितियों को लेकर जांच के बाद स्थिति और स्पष्ट होगी।