14 हजार से अधिक पत्रों से सरोजनीनगर की समस्याओं को मिली आवाज, समाधान के लिए लगातार प्रयास

Lucknow
  • सोलर लाइट से लेकर इलाज, आवास, सड़क और बिजली तक हजारों मामलों में कराई गई कार्रवाई

लखनऊ। सरोजनीनगर की जनता की समस्याओं और आवश्यकताओं को सरकार, मंत्रियों, अधिकारियों तथा संबंधित विभागों तक पहुंचाने के लिए अब तक 14 हजार से अधिक पत्र लिखे गए। ये पत्र महज कागजी पत्राचार नहीं, बल्कि क्षेत्र के हजारों परिवारों की समस्याओं के समाधान की दिशा में किए गए निरंतर प्रयासों का माध्यम बने हैं। पत्रों के जरिए जनसमस्याओं को संबंधित विभागों तक पहुंचाने के साथ उनके निस्तारण के लिए लगातार संवाद और अनुश्रवण किया गया।

  • 4 हजार से अधिक सोलर लाइटों के लिए पत्र

सरोजनीनगर में प्रकाश व्यवस्था को बेहतर बनाने के लिए करीब 4 हजार पत्र सोलर लाइटों की स्थापना के संबंध में लिखे गए। वहीं विद्युत आपूर्ति, ट्रांसफार्मर, बिजली के खंभे, तार और अन्य समस्याओं के समाधान के लिए करीब 1 हजार पत्र विद्युत विभाग को भेजे गए, जिनमें अनेक मामलों में कार्य भी कराया गया।

  • जरूरतमंद मरीजों के इलाज के लिए 27 करोड़ की सहायता

गरीब और जरूरतमंद मरीजों के उपचार के लिए करीब 2 हजार पत्रों के माध्यम से मुख्यमंत्री राहत कोष से लगभग 27 करोड़ रुपये की सहायता दिलाई गई। इसके अलावा प्रधानमंत्री आवास, उज्ज्वला गैस कनेक्शन, राशन कार्ड, आयुष्मान भारत और विभिन्न पेंशन योजनाओं से जुड़े 3 हजार से अधिक पत्रों एवं आवेदनों पर कार्रवाई कराई गई।

  • सड़क और नाली के 2204 मामलों में कराया गया काम

सड़क, नाली और अन्य बुनियादी सुविधाओं से संबंधित करीब 3900 पत्रों में से 2204 प्रकरणों में कार्य कराया गया। बाल सेवा योजना के माध्यम से 600 से अधिक जरूरतमंद बच्चों को लाभ दिलाया गया। धार्मिक स्थलों से जुड़े करीब 350 जीर्णोद्धार संबंधी आवेदनों पर भी कार्रवाई कराई गई।

  • जनता की मांग पर करीब 150 ओपन जिम

क्षेत्र में स्वास्थ्य और खेल सुविधाओं को बढ़ावा देने के लिए जनता की मांग पर करीब 150 ओपन जिम स्थापित कराने की दिशा में कार्य किया गया। करीब 100 आरडब्ल्यूए के आवेदनों पर सोलर लाइट, ओपन जिम, बच्चों के झूले, सामुदायिक पुस्तकालय और अन्य जनसुविधाएं उपलब्ध कराने के लिए प्रयास किए गए।

  • हर पत्र के पीछे एक नागरिक की उम्मीद

इन आंकड़ों के पीछे शिक्षा, स्वास्थ्य, सड़क, बिजली, पेयजल, आवास, पेंशन, खेल, महिला सशक्तीकरण और धार्मिक स्थलों से जुड़े हजारों नागरिकों की समस्याएं और अपेक्षाएं हैं। क्षेत्र की समस्याओं को संबंधित विभागों तक पहुंचाने के साथ उनके समाधान के लिए लगातार अनुश्रवण किया गया। विधायक का दायित्व जनता की आवाज को सरकार तक पहुंचाना, कार्यों की संस्तुति करना और विभागों से कार्रवाई के लिए निरंतर प्रयास करना है। कार्यों की स्वीकृति और क्रियान्वयन बजट, आवश्यकता, तात्कालिकता तथा तकनीकी और प्रशासनिक व्यवहार्यता के आधार पर सरकार एवं संबंधित विभागों द्वारा किया जाता है। 14 हजार से अधिक पत्र सरोजनीनगर की समस्याओं को दर्ज कराने और उनके समाधान के लिए किए गए निरंतर प्रयासों का एक बड़ा दस्तावेज हैं।