- नागरिकों की समस्याएं सुनकर समयबद्ध कार्रवाई के दिए निर्देश
लखनऊ। नगर निगम लखनऊ मुख्यालय, लालबाग में शुक्रवार को महापौर सुषमा खर्कवाल की अध्यक्षता में सम्पूर्ण समाधान दिवस आयोजित किया गया। शहर के विभिन्न क्षेत्रों से पहुंचे नागरिकों ने नगर निगम से जुड़ी अपनी समस्याएं और शिकायतें अधिकारियों के समक्ष रखीं। समाधान दिवस में कुल 149 शिकायतें दर्ज की गईं।
- कर विभाग से जुड़ी सबसे अधिक 89 शिकायतें
प्राप्त शिकायतों में सबसे अधिक 89 मामले कर विभाग से संबंधित रहे। इसके अलावा इंजीनियरिंग एवं ड्रेनेज की 31, जल एवं सीवरेज की 22, मार्ग प्रकाश की तीन, उद्यान विभाग की दो तथा सफाई और पशु विभाग से एक-एक शिकायत प्राप्त हुई।
- जोन-6 से सर्वाधिक शिकायतें
जोनवार आंकड़ों में जोन-6 से सर्वाधिक 31 शिकायतें दर्ज हुईं। जोन-1 से 27, जोन-3 से 23, जोन-8 से 22, जोन-7 से 17, जोन-2 से 11, जोन-4 से 10 और जोन-5 से आठ शिकायतें प्राप्त हुईं।
- शिकायतों के समाधान में लापरवाही न हो
महापौर सुषमा खर्कवाल ने नागरिकों की समस्याओं को स्वयं सुना और संबंधित अधिकारियों को शिकायतों का समयबद्ध एवं प्राथमिकता के आधार पर निस्तारण करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि नागरिकों की शिकायतों को केवल दर्ज करने तक सीमित न रखा जाए, बल्कि उनके समाधान की प्रभावी कार्रवाई सुनिश्चित की जाए।
- अधिकारी और कर्मचारी रहे मौजूद
सम्पूर्ण समाधान दिवस में अपर नगर आयुक्त पंकज श्रीवास्तव, अभिनव रंजन श्रीवास्तव, अरुण कुमार गुप्त, डॉ. अरविंद कुमार राव, मुख्य कर निर्धारण अधिकारी अशोक सिंह, विनय कुमार राय,सहायक नगर आयुक्त/जोनल 8 डॉ.आशीष सिंह, जोन 7 के जोनल विकास सिंह सहित अन्य अधिकारी कर्मचारी मौजूद रहे।
