एचपीवी टीकाकरण में उत्तर प्रदेश ने 86.3 प्रतिशत लक्ष्य किया पूरा

Lucknow

लखनऊ, 11 सितंबर। प्रदेश में 14 वर्ष आयु वर्ग की किशोरियों को सर्वाइकल कैंसर से बचाव के लिए चलाए जा रहे एचपीवी टीकाकरण अभियान में 10 सितंबर तक 23 लाख 26 हजार 580 किशोरियों का टीकाकरण किया जा चुका है। प्रदेश ने निर्धारित लक्ष्य का 86.3 प्रतिशत पूरा कर देश के 80 प्रतिशत लक्ष्य को पीछे छोड़ दिया है। अपर मुख्य सचिव चिकित्सा स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण अमित घोष ने बताया कि शेष पात्र किशोरियों तक पहुंच बनाने के लिए स्कूलों, स्वास्थ्य केंद्रों और समुदाय स्तर पर टीकाकरण गतिविधियां तेज की जा रही हैं। मिशन निदेशक डॉ. पिंकी जोवेल ने कहा कि जिलों को स्थानीय स्तर पर समन्वय कर टीकाकरण अभियान को गति देने के निर्देश दिए गए हैं।

राज्य प्रतिरक्षण अधिकारी डॉ. अजय गुप्ता के अनुसार मुरादाबाद 99.6 प्रतिशत उपलब्धि के साथ प्रदेश में पहले स्थान पर है। कानपुर देहात 97.7, मैनपुरी 97.5 तथा बागपत और औरैया 97 प्रतिशत उपलब्धि के साथ आगे हैं। रायबरेली में 95.5 और लखनऊ में 94.3 प्रतिशत लक्ष्य पूरा हुआ है। महाप्रबंधक बाल स्वास्थ्य डॉ. मनोज शुकुल ने बताया कि पात्र किशोरियों को प्रशिक्षित स्वास्थ्यकर्मियों द्वारा विभिन्न स्वास्थ्य केंद्रों पर एचपीवी वैक्सीन लगाई जा रही है। उन्होंने अभिभावकों से पात्र बेटियों का समय पर टीकाकरण कराने की अपील की। गोमती नगर निवासी श्रद्धा यादव ने टीका लगवाने के बाद खुद को पूरी तरह स्वस्थ बताते हुए अन्य किशोरियों को भी बिना किसी भ्रांति के टीकाकरण कराने के लिए प्रेरित किया।