लखनऊ। गायत्री ज्ञान मंदिर इंदिरा नगर के विचार क्रान्ति ज्ञान यज्ञ अभियान के तहत बहराइच के डॉ. सर्वेश कुमार शुक्ला इंस्टीच्यूट ऑफ नर्सिंग एण्ड पैरामेडिकल साइंस के केंद्रीय पुस्तकालय में ऋषि वाङ्मय स्थापना कार्यक्रम हुआ। युगऋषि पं. श्रीराम शर्मा आचार्य द्वारा रचित सम्पूर्ण 79 खंडों का 472वां ऋषि वाङ्मय पुस्तकालय में स्थापित किया गया। श्रीमती मधू गुप्ता ने अपने सास-ससुर स्व. प्रेम चन्द्र अग्रवाल, स्व. वीर कुमारी अग्रवाल और जीवनसाथी स्व. दिनेश चन्द्र अग्रवाल की स्मृति में यह साहित्य ज्ञानदान के रूप में भेंट किया।
छात्र-छात्राओं को अखंड ज्योति पत्रिका भी वितरित की गई। संस्थान के अधिकारियों को अमृतवाणी कैलेंडर भेंट किया गया। अभियान के मुख्य संयोजक उमानंद शर्मा ने कहा कि ऋषि का सद्ज्ञान निरोगी जीवन और सन्मार्ग पर चलने की शक्ति देता है। प्रधानाचार्य सतीश चन्द्र तिवारी, विनोद त्रिपाठी और डॉ. के. रोजा रानी ने भी विचार रखे। कार्यक्रम में सावित्री शर्मा, शिव प्रसाद सिंह, देवेन्द्र सिंह सहित संकाय सदस्य और छात्र-छात्राएं मौजूद रहे।
