Bareilly News : बरेली से 52 किलो डोडा लेकर पंजाब जा रहे दो सौदागर गिरफ्तार

# ## Bareilly Zone

बरेली क्षेत्र में नशे के सौदागरों के खिलाफ तगड़ी कार्रवाई के बावजूद ये धंधा जारी है। शुक्रवार को बरेली पुलिस को एक बड़ी सफलता हाथ लगी। पुलिस ने बरेली से पंजाब जा रही 52 किलो डोडा की एक खेप पकड़ी है। डोडा पटियाला ले जाया जा रहा था। पुलिस ने मंगतदीन और परमजीत सिंह उर्फ चरनजीत सिंह नाम के दो आरोपी पकड़े हैं, जो पंजाब के पटियाला के रहने वाले हैं।

गुरुवार-शुक्रवार की रात भोजीपुरा पुलिस इलाके में गश्त कर रही थी। एसओजी का भी मूवमेंट बना था। एसओजी के पास पहले से इनपुट था। हाईवे पर दीदारपुर पट्टी में एक यात्री शेड बना है। यहां एक होंडा सिटी कार खड़ी थी। कार में दो युवक बैठे थे। पुलिस ने तलाशी ली तो उसमें डोडा भरा था।

पुलिस ने कार समेत दोनों युवकों को हिरासत में ले लिया। डोडा का वजन कराया गया, तो 52 किलो 400 ग्राम निकला। पुलिस ने दोनों को गिरफ्तार कर कार कब्जे में ले ली। दोनों आरोपियों से सख्ती के साथ पूछताछ की गई तो उन्होंने नशे के खेल का पूरा धंधा समझाया।

कौन है सोनू जो बेच रहा डोडा 

डोडा की भारी भरकम खेप के साथ गिरफ्तार मंगतदीन और परमजीत ने पूछताछ में पुलिस को बताया कि उन्होंने सोनू नाम के एक व्यक्ति से डोडा खरीदा था। खरीद प्रक्रिया भी हाईवे पर ही हुई है। पूछताछ के आधार पर पुलिस ने एफआईआर में सोनू का नाम भी दर्ज करके उसे आरोपी बनाया है।

दोनों पर एनडीपीएस के मुकदमें 

डोडा के साथ पकड़े गए दोनों आरोपी, मंगतदीन और परमजीत पर पहले से मादक पदार्थ की तस्करी के मुकदमें दर्ज हैं। पुलिस ने दोनों को न्यायालय के समक्ष पेश करने के बाद जेल भेज दिया है। वहीं, सोनू की तलाश जारी है। पुलिस ने उसकी गिरफ्तारी के लिए दबिश भी दी है।