कर्मचारियों को दें Work From Home और हाफ डे’, मुंबई में भारी बारिश के बीच SDMA ने दी सलाह

# ## Environment National

मुंबई: मुंबई और आसपास के इलाकों में मौसम ने एक बार फिर रफ्तार पकड़ ली है. राज्य आपदा प्रबंधन प्राधिकरण यानी SDMA ने सोमवार 6 जुलाई को मुंबई के लिए खास निर्देश जारी किए हैं. बता दें, अत्यधिक भारी बारिश की आशंका को देखते हुए निजी और सरकारी दोनों दफ्तरों के लिए नई गाइडलाइन तय की गई है.

निजी दफ्तरों को WFH की सलाह

SDMA ने सोशल मीडिया प्लेटफार्म एक्स पर पोस्ट कर कहा कि “मौजूदा हालात को देखते हुए निजी कार्यालयों को जहां संभव हो, घर से काम करने की अनुमति देने की सलाह दी जाती है. गैर-आवश्यक सरकारी कार्यालय आधे दिन के लिए बंद रहेंगे.” हालांकि जरूरी सेवाओं से जुड़े कर्मचारियों कार्यालयों और  पर यह नियम लागू नहीं होगा. बता दें, यह फैसला भारत मौसम विज्ञान विभाग की चेतावनी के बाद लिया गया है.

भारत मौसम विज्ञान विभाग ने मुंबई, ठाणे और रायगढ़ के लिए ‘रेड’ अलर्ट जारी कर दिया है. सुबह तक यह अलर्ट ‘ऑरेंज’ था, लेकिन स्थिति बिगड़ने पर इसे बढ़ाया गया. विभाग के मुताबिक इन जिलों में तेज हवाओं के साथ भारी से बहुत भारी बारिश हो सकती है. इसके साथ ही हवा की रफ्तार 70 से 80 किलोमीटर प्रति घंटा तक जा सकती है.

IMD ने चेतावनी दी है कि इस बारिश से निचले इलाकों और शहरों में जलभराव हो सकता है. कुछ जगहों पर नदियों का जलस्तर बढ़ने और अचानक बाढ़ की भी संभावना है. इसके अलावा सड़क और पुलों पर पानी भर सकता है. इतना ही नहीं कमजोर पेड़ गिरने, पुरानी इमारतों के ढहने और पहाड़ी इलाकों में भूस्खलन जैसी घटनाएं भी हो सकती हैं.

कोंकण तट पर तूफान

मौसम विभाग ने कोंकण तट पर समुद्र में ऊंची लहरों और तूफानी मौसम की आशंका जताई है. इसका असर सड़क, रेल, हवाई और नौका सेवाओं पर पड़ सकता है. बिजली और पानी जैसी जरूरी सुविधाएं भी बाधित हो सकती हैं.

BMC की अपील: घर से बाहर न निकलें

इसके साथ ही बृहन्मुंबई नगर निगम ने लोगों से अपील की है कि बहुत जरूरी हो तभी घर से बाहर निकलें और पेड़, जर्जर इमारत, होर्डिंग और बिजली के खंभों से दूरी बनाकर रखें. वाहन पेड़ों के नीचे पार्क न करें और समुद्र तट व जलभराव वाले इलाकों से दूर रहें. बीएमसी के अनुसार शहर भर में करीब 15,000 अधिकारी और कर्मचारी तैनाती पर हैं. वरिष्ठ अधिकारी लगातार स्थिति पर नजर रख रहे हैं.नगर निगम ने लोगों से अफवाहों पर ध्यान न देने और सिर्फ आधिकारिक सूचना पर भरोसा करने को कहा है. वहीं किसी भी आपात स्थिति में हेल्पलाइन 1916 पर संपर्क किया जा सकता है