- बलिदान दिवस पर अभाविप की भव्य मशाल यात्रा, शहीदों को दी श्रद्धांजलि
लखनऊ में अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद के महानगर इकाई के कार्यकर्ताओं द्वारा अमर शहीद सरदार भगत सिंह, सुखदेव और राजगुरु के बलिदान दिवस पर परिवर्तन चौक से लखनऊ विश्वविद्यालय तक भव्य मशाल यात्रा निकाली गई। यात्रा में बड़ी संख्या में छात्र-छात्राओं एवं कार्यकर्ताओं ने भाग लेकर देशभक्ति का उत्साह प्रदर्शित किया और शहीदों के प्रति अपनी श्रद्धा व्यक्त की।
इस अवसर पर प्रान्त मंत्री अर्पण कुशवाहा, प्रान्त सह मंत्री कुसुम कनौजिया एवं महानगर मंत्री सरिता पाण्डेय ने अमर बलिदानियों के जीवन पर प्रकाश डालते हुए कहा कि उनका त्याग, साहस और देशप्रेम आज भी युवाओं के लिए प्रेरणा का स्रोत है। उन्होंने कहा कि युवा पीढ़ी को उनके आदर्शों पर चलकर राष्ट्र निर्माण में सक्रिय भूमिका निभानी चाहिए।
कार्यक्रम के दौरान कार्यकर्ताओं ने मशाल यात्रा के माध्यम से समाज में देशभक्ति का संदेश फैलाया और शहीदों के बलिदान को सदैव स्मरण रखने का संकल्प लिया। अंत में सभी ने एक स्वर में राष्ट्रहित में कार्य करने और देश की एकता एवं अखंडता बनाए रखने का आह्वान किया।
