(www.arya-tv.com) प्रयागराज जनपद में शनिवार की रात एक हत्या की वारदात हुई। होलागढ़ थाना क्षेत्र के मुकुंदपुर में वृद्ध को सिर कूचकर मौत के घाट उतारा गया है। वारदात की जानकारी सुबह हुई। सूचना पर पहुंची पुलिस ने घटनास्थल की जांच पड़ताल की और परिवार के लोगों से पूछताछ की। फिलहाल हत्यारे कौन हैं, उन्होंने जघन्य घटना को क्यों अंजाम दिया, अभी राज ही है। पुलिस हत्यारों की पहचान करने का प्रयास कर रही है। पुलिस शक के आधार पर मरने वाले वृद्ध के बेटे को हिरासत में लेकर पूछताछ कर रही है।
सुबह चारपाई पर खून से सना राम कुमार का मिला शव
होलागढ़ थाना क्षेत्र के मुकुंदपुर ग्राम सभा के रामगुलाम का पूरा मजरा के रहने वाले 63 वर्षीय राम कुमार सरोज पुत्र स्वर्गीय नोखई खेती-किसानी करके परिवार का भरण-पोषण करते थे। शनिवार की रात में वे घर के बाहर मड़हे (बरामदे) में चारपाई पर सो रहे थे। रात में किसी समय हत्यारों ने सिर कूचकर उनकी हत्या कर दी। सिर पर ईंट से वार किया गया था। सुबह जब घर वाले व ग्रामीणों की नींद खुली ताे खून से सना राम कुमार का शव चारपाई पर पड़ा देखा। कुछ ही देर में वहां भीड़ जुट गई। इसी बीच किसी ने पुलिस को सूचना दी। होलागढ़ थानाध्यक्ष अमित कुमार सिंह पहुंचे। पुलिस ने वारदात स्थल का बारीकी से निरीक्षण किया।
होलागढ़ थानाध्यक्ष कर रहे तहकीकात
थानाध्यक्ष ने परिवार के लोगों के साथ ही ग्रामीणों से भी पूछताछ की। फिलहाल अभी यह स्पष्ट नहीं हो सका कि किस कारण राम कुमार सरोज की हत्या की गई है। कातिलों के बारे में पुलिस सुराग लगा रही है। पुलिस ने शक के आधार पर राम कुमार सरोज के बेटे हेमंत को हिरासत में ले लिया है। उससे थाने में पूछताछ की जा रही है। राम कुमार सरोज की चार बेटियां व दो बेटे हैं। इस वारदात से परिवार के लोगों का रो-रोकर हाल बेहाल है।