बांग्लादेश में एक बार फिर हिंसा और आगजनी की घटनाएं सामने आई हैं। पूर्व प्रधानमंत्री शेख हसीना की पार्टी अवामी लीग के समर्थकों पर गोपालगंज सदर पुलिस स्टेशन में आग लगाने का आरोप है। गोपालगंज शेख हसीना का पैतृक शहर है। इसके अलावा, इलाके में बांग्लादेश नेशनलिस्ट पार्टी (BNP) के मौजूदा सांसद एस.एम. जिलानी के आवास को भी आग के हवाले कर दिया गया है।
कई बसों में लगाई गई आग
मिली जानकारी के मुताबिक, राजधानी ढाका के अलग-अलग इलाकों में भी आगजनी की घटनाएं हुई हैं। यहां कई बसों को आग लगा दी गई। वहीं, अवामी लीग की पूर्व सरकार में मुक्ति युद्ध मामलों के मंत्री रहे ए.के.एम. मोजम्मेल हक के घर में भी आग लगाए जाने की खबर है।
सुरक्षा व्यवस्था को लेकर बढ़ी चिंताएं
इन घटनाओं के बाद बांग्लादेश में राजनीतिक तनाव और सुरक्षा व्यवस्था को लेकर चिंताएं बढ़ गई हैं। हालांकि, फिलहाल आगजनी की इन घटनाओं में किसी के हताहत होने या नुकसान की विस्तृत जानकारी सामने नहीं आई है।
आग की लपटों में घिरा दिखा बीएनपी सांसद का घर
बांग्लादेश के गोपालगंज में हिंसा के वीडियो सोशल मीडिया में वायरल हो रहे हैं। बांग्लादेश नेशनलिस्ट पार्टी के घर में आग लगा दी गई है। बीएनपी सांसद का पूरा घर आग की लपटों से घिरा हुआ है।
