ओटीटी की सबसे लोकप्रिय वेब सीरीज में शामिल ‘पंचायत’ के फैंस के लिए बड़ी खुशखबरी है। फुलेरा गांव की राजनीति, आपसी खींचतान और मजेदार किस्सों के साथ सचिव जी एक बार फिर दर्शकों के बीच लौटने वाले हैं। मेकर्स ने ‘पंचायत’ के पांचवें सीजन की रिलीज डेट का ऐलान कर दिया है। जितेंद्र कुमार स्टारर इस सीरीज का प्रीमियर 3 दिसंबर 2026 को प्राइम वीडियो पर होगा। नए सीजन में इस बार फुलेरा की सत्ता का समीकरण बदला हुआ नजर आएगा, जिससे कहानी में नए विवाद और दिलचस्प मोड़ आने की उम्मीद है।
3 दिसंबर से शुरू होगा फुलेरा का नया सियासी खेल
‘पंचायत 5’ की घोषणा के साथ ही सीरीज की कहानी को लेकर भी अहम संकेत मिले हैं। इस बार फुलेरा को नया मुखिया मिल चुका है और बनराकस की भूमिका कहानी में पहले से ज्यादा महत्वपूर्ण होने वाली है। अब तक गांव की राजनीति में अलग-अलग तरह से दखल देने वाला बनराकस इस बार प्रधानपति की भूमिका में दिखाई देगा। ऐसे में सबसे बड़ा सवाल यही है कि सत्ता मिलने के बाद उसकी राजनीति किस दिशा में जाएगी। क्या बनराकस गांव की व्यवस्था में बदलाव ला पाएगा या फिर उसके वादे भी राजनीति के पुराने तौर-तरीकों तक ही सीमित रहेंगे? नए प्रधानपति के आने से गांव में पुराने समीकरण बिगड़ने और नए राजनीतिक टकराव पैदा होने की संभावना है। सचिव जी और गांव के दूसरे लोगों के सामने भी नई परिस्थितियां होंगी। हालांकि कहानी के बाकी घटनाक्रम को लेकर मेकर्स ने फिलहाल ज्यादा खुलासा नहीं किया है।
