दो समुदायों में नफरत का जहर घोलती है सपा;गिरीश यादव

# ## UP

(www.arya-tv.com)यूपी के आवास एवं शहरी नियोजन राज्यमंत्री गिरीश चंद्र यादव ने अखिलेश के कार्यकाल पर सवाल उठाया है। कहा कि तुष्टिकरण की राजनीति करने वाली समाजवादी पार्टी न केवल दंगे कराती रही है, बल्कि दंगाइयों को खुला संरक्षण भी देती रही है। किसी भी दंगे में सबसे ज्यादा नुकसान बेगुनाहों के जान-माल का होता है। ये मुल्क की अस्मिता के लिए खतरा होते हैं।

 यूपी की पहचान दंगा प्रदेश के रूप में

दो समुदायों में नफरत का जहर घोलते हैं। ऐसे में अपने घटिया राजनीतिक हित में दंगा कराने वाले और दंगाइयों को शह देने वाले मुल्क और समाज के दुश्मन हैं। कहा कि अखिलेश राज में यूपी की पहचान दंगा प्रदेश के रूप में बन गई थी। बता दें कि उन्होंने प्रेस नोट जारी कर ये बात कही।

कहा कि मुजफ्फरनगर को तो सपा ने अपने कार्यकाल में सांप्रदायिकता की प्रयोगशाला बना दिया। जब मुजफ्फरनगर दंगों की आग में जल रहा था उस समय अखिलेश सैफई के जश्न का आनंद लूट रहे थे। दंगाइयों को सरकार का खुला संरक्षण मिला हुआ था। एक समुदाय के लोगों के जान-माल को नुकसान पहुंचाया गया और उनकी बहू-बेटियों की इज्जत से खिलवाड़ हुआ।

सबसे वीभत्स उदाहरण था मुजफ्फरनगर 

मंत्री गिरीश यादव ने कहा कि मुजफ्फरनगर के दंगे तो सपा की तुष्टिकरण की आत्मघाती राजनीति का सबसे वीभत्स उदाहरण था। राज्य प्रायोजित इस दंगे से पूरे देश-दुनिया में उत्त्तर प्रदेश की किरकिरी हुई। मिल जुलकर रहने वालों के रिश्ते बुरी तरह प्रभावित हुए।

मंत्री ने दिए दंगो के आंकड़े
राज्यमंत्री ने अखिलेश के सरकार में हुए दंगो का आकड़ा देते हुए बताया कि अखिलेश राज में उत्तर प्रदेश की पहचान दंगा प्रदेश के रूप में बन गई थी। अखिलेश सरकार में 2012 में 227, 2013 में 247, 2014 में 242, 2015 में 219 और 2016 में 100 से अधिक दंगे हुए। अखिलेश के समय में चूंकि हर दंगे में वर्ग विशेष के ही जान-माल की सर्वाधिक क्षति होती थी। लिहाजा इनमें तबकी सरकार की भूमिका होती थी। हर रोज होने वाले दंगे और अराजकता ने प्रदेश को बदनाम कर दिया था। कोई निवेशक यहां पूंजी लगाने को तैयार नहीं था।

योगी सरकार में विश्व स्तरीय बुनियादी सुविधा
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ की अगुआई वाली भाजपा सरकार में अब तक एक भी दंगे नहीं हुए। बेहतर कानून-व्यवस्था और विश्व स्तरीय बुनियादी सुविधाओं के नाते आज माहौल बदल चुका है। निवेश के आंकड़े इसके सबूत हैं। भाजपा की मौजूदा सरकार के हर क्षेत्र में रिकॉर्ड परफॉर्मेंस के नाते देश ही नहीं दुनियां का परसेप्शन उत्तर प्रदेश के बारे में बदल चुका है। अब यह निवेशकों की निवेश की सबसे पसंदीदा जगह बन चुका है।